

सिवनी जिले से बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे 44 के नागपुर-जबलपुर रोड पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का ड्राइवर केबिन में गंभीर रूप से फंस गया।
हादसा छपारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रणधीर नगर के पास हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जेसीबी और अन्य उपकरणों की सहायता से फंसे ड्राइवर को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोल प्रबंधन की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे राहत कार्य में देरी हुई। दुर्घटना के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
पुलिस द्वारा ट्रैफिक को नियंत्रित करने और वैकल्पिक मार्ग से वाहनों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।









