ताज़ा ख़बरें

महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर नंद विहार कॉलोनी में हुई समिति की बैठक।

खास खबर

महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर नंद विहार कॉलोनी में हुई समिति की बैठक।

बैठक में कार्यक्रमों पर हुई चर्चा , समय तय।

खंडवा।महाशिवरात्रि पर्व को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से मनाने के उद्देश्य से विगत दिनों नंद विहार कॉलोनी में कॉलोनी समिति की बैठक आयोजित की गई। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया महाशिवरात्रि के पर्व पर ओंकारेश्वर तीर्थ के साथ ही पूरे जिले के शिवालयों में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा अर्चना करेंगे। नंद विहार कॉलोनी शिव मंदिर में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों को लेकर बैठक में समिति सदस्यों ने सर्वसम्मति से महाशिवरात्रि महोत्सव के आयोजन को लेकर अहम निर्णय लेते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं समय-सारिणी तय की। बैठक में निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नंद विहार कॉलोनी स्थित श्री नंदेश्वर महादेव मंदिर में प्रातः 8 बजे मंगल आरती की जाएगी। इसके पश्चात प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक जलाभिषेक संपन्न होगा। दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक दंपत्तियों द्वारा विशेष अभिषेक कराया जाएगा। इसी दौरान दोपहर 12 बजे से फरियाली प्रसादी वितरण किया जाएगा।
दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक महिला मंडल द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। शाम 4 बजे भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। रात्रि 7 बजे महा आरती होगी, जबकि रात्रि 8 बजे श्रद्धालुओं को पवित्र नेपाली रुद्राक्ष वितरित किए जाएंगे। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक भजन संध्या एवं सुंदरकांड पाठ आयोजित होगा। कार्यक्रम का समापन रात्रि 12 बजे छोटी आरती एवं प्रसादी वितरण के साथ किया जाएगा।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रसादी व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर भी दायित्व तय किए गए। नंद विहार समिति एवं समस्त नंद विहार परिवार ने सभी शिवभक्तों से सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!