
*बोर्ड परीक्षा से पहले तनाव न लें, 30 सेकंड की ट्रिक अपनाएँ*

*शिक्षिका हर्षा शर्मा ने दिए विद्यार्थियों को फाइनल रिवीजन टिप्स*
खंडवा। बोर्ड परीक्षा नजदीक आते ही विद्यार्थियों में तनाव और घबराहट स्वाभाविक है, लेकिन सही मार्गदर्शन इस तनाव को आत्मविश्वास में बदल सकता है। इसी क्रम में शिक्षिका हर्षा शर्मा ने विद्यार्थियों को परीक्षा से ठीक पहले अपनाई जाने वाली “30 सेकंड फाइनल रिवीजन ट्रिक” बताई, जिसे उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर भी साझा किया है।
हर्षा शर्मा ने बताया कि परीक्षा से पहले पूरे पाठ को दोबारा पढ़ने के बजाय केवल मुख्य बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करना अधिक उपयोगी होता है। उन्होंने कहा कि 30 सेकंड में विद्यार्थी यदि कुछ जरूरी बातों को दोहरा लें, तो आत्मविश्वास अपने आप बढ़ जाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सुझाव दिए कि वे शीर्षक और उपशीर्षक मन ही मन पढ़ लें, महत्वपूर्ण सूत्र, परिभाषाएँ और तिथियाँ याद कर लें तथा डायग्राम, मैप और फॉर्मूलों की कल्पना करें। साथ ही पहले की गई सामान्य गलतियों को दोहराने से बचें और एक गहरी साँस लेकर स्वयं पर भरोसा रखें।
शिक्षिका ने कहा कि परीक्षा में सफलता केवल ज्ञान पर नहीं, बल्कि शांत मन और सकारात्मक सोच पर भी निर्भर करती है। अंतिम क्षणों में घबराने के बजाय प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ना और सोच-समझकर उत्तर लिखना जरूरी है।
अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश देते हुए कहा,
“आपने जो पढ़ा है, वही पर्याप्त है। खुद पर विश्वास रखें और पूरे मनोयोग से परीक्षा दें।”
उनके ये सरल लेकिन प्रभावी सुझाव बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए संबल बन रहे हैं।







