
बहराइच में 1043 पंचायत सूची में मिले 8.88 लाख डुप्लीकेट वोटर, आधार कार्ड के अंतिम चार अंक दर्ज करने के निर्देश
बहराइच । बहराइच जिले में त्रिस्तरीय पंचायत की अनंतिम मतदाता सूची के सत्यापन में बड़ा खुलासा हुआ है। जिले की 1043 ग्राम पंचायतों में 8.88 लाख डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं, जिनके नाम, पिता का नाम और जेंडर समान हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने इन डुप्लीकेट वोटरों के सत्यापन और उनके आधार कार्ड के अंतिम चार अंक दर्ज करने के निर्देश दिए हैं, जिससे बीएलओ का कार्यभार बढ़ गया है।
*1-बहराइच में 8.88 लाख डुप्लीकेट मतदाता मिले।*
*2-1043 ग्राम पंचायतों की सूची में बड़ा खुलासा।*
*3-आधार कार्ड के अंतिम चार अंक दर्ज करने के निर्देश।*
बहराइच। त्रिस्तरीय पंचायत की अनंतिम मतदाता सूची का औचक सत्यापन में बड़ा खुलासा हुआ है। जिले की 1043 ग्राम पंचायतों में 8.88 लाख डुप्लीकेट मतदाता सामने आए हैं। इन डुप्लीकेट वोटरों का खुद का नाम, पिता का नाम व जेंडर एक समान मिला है। राज्य निर्वाचन आयोग ने नई डुप्लीकेट सूची भेजकर सत्यापन कराने और वोटरों के आधार कार्ड के अंतिम चार नंबर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
अनंतिम मतदाता सूची में 25,94,494 मतदाता हैं। बीएलओ ने घर-घर जाकर सत्यापन किया था। मृत्यु या शहरों में निवास करने वाले मतदाताओं के नाम हटाए थे। फिर इसे पोर्टल पर अपलोड किया गया था।
राज्य निर्वाचन आयोग से अपलोड की गई इस सूची का औचक सत्यापन किया गया। जिले की 1043 ग्राम सभाओं की सूची से मिलान कराया गया तो इसमें 8,88,479 मतदाता ऐसे सामने आए जिनका नाम, उनके पिता का नाम व जेंडर समान मिला।
आयोग ने डुप्लीकेट वोटरों की इस सूची को दोबारा सत्यापन के लिए भेजा है। इससे पहले आयाेग ने जो डुप्लीकेट मतदाता सूची भेजी थी उसमें इनकी संख्या 3,42,967 रही थी।
बताया जाता है कि ग्राम पंचायत और ब्लाक स्तर पर तैयार की गई सूची से मिलान के आधार पर सूची तैयार कराई गई थी। अब 14 ब्लाकों की तैयार जिला स्तरीय सूची से ग्राम पंचायतवार मिलान कराने पर डुप्लीकेट वोटरों की संख्या बढ़कर 8.88 लाख हो गई है। ऐसे में बीएलओ का कार्य फिर बढ़ गया है।
ब्लॉकवार डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची
जरवल-59166, कैसरगंज-48780, हुजूरपुर-60940, फखरपुर-76521, तेजवापुर-67283, बलहा-63757, महसी-72828, शिवपुर-81320, मिहींपुरवा-76680, नवाबगंज-50107, चित्तौरा-68265, रिसिया-47838, पयागपुर-52586, विशेश्वरगंज-62408.










