
ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान : स्वदेशी और स्वावलंबन से सशक्त होगा मध्यप्रदेश
खंडवा।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा मंगलवार, 13 जनवरी को जनपद सभा कक्ष, खंडवा में “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान” अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक खंडवा कंचन मुकेश तनवे रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर कलेक्टर खंडवा जी. आर. बड़ोले ने की, जबकि मुख्य वक्ता संतोष तिवारी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुभाष शर्मा (पतंजलि योगपीठ), स्वदेशी जागरण मंच के जिला समन्वयक प्रवीण शर्मा एवं जिला समन्वयक जगदीश पटेल उपस्थित रहे।
अतिथियों ने मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्राम आधारित विकास ही समग्र उन्नति का आधार है। स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर स्वावलंबन, स्वैच्छिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।
मुख्य वक्ता संतोष तिवारी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य की खोज, जिज्ञासा, गुरु की भूमिका और आत्मअनुशासन व्यक्ति को राष्ट्रनिर्माण के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने युवाओं से विवेकानंद के विचारों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला समन्वयक प्रवीण शर्मा ने “स्वदेशी अपनाओ—विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करो” का संदेश देते हुए कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्व है।
आनंद विभाग से गणेश कानडे ने तनावमुक्त जीवन के उपाय बताते हुए मौन, शांति एवं आत्मचिंतन को जीवन का आवश्यक अल्पविराम बताया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला समन्वयक जगदीश पटेल ने अभियान का परिचय देते हुए बताया कि ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान अंतर्गत जिलेभर में ग्राम चौपाल, ग्राम रैली, सामूहिक श्रमदान, परिवार संपर्क, सामाजिक समरसता, नागरिक सेवा, शिक्षा एवं संस्कार, नशामुक्त समाज एवं गौ-संरक्षण जैसे विषयों पर नवांकुर संस्थाओं एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों द्वारा व्यापक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में मोहन जाट, अजय गुजरे, मेंटर आशीष पटेल, मोहन रोकड़े, दिलावर सोनरिस, राहुल राठवे, नारायण फरकले सहित नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य एवं पाठ्यक्रम के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक राजकुमार मालाकार ने किया एवं आभार प्रदर्शन विकासखंड समन्वयक मोहन जाट ने किया।
कार्यक्रम ने स्वदेशी, स्वावलंबन और सामाजिक चेतना के माध्यम से ग्रामोदय से अभ्युदय के संकल्प को सशक्त स्वर दिया।










