ताज़ा ख़बरें

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने सोमवार को पारले मिल में डोंगा में गन्ना डालकर पेराई की शुरुआत

बहराइच । जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने सोमवार को पारले चीनी मिल, परसेण्डी के पेराई सत्र 2025-2026 का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने डोंगा में गन्ना डालकर पेराई की शुरुआत की।

मिल गेट पर पहुंची प्रथम बैलगाड़ी के बैलों की पूजा कर गुड़ खिलाया गया। गन्ना लेकर आए किसानों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। शुभारंभ समारोह में जिलाधिकारी ने गन्ना किसानों और मिल प्रबंधन को सफल पेराई सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पारले चीनी मिल की स्थापना से क्षेत्रीय किसानों की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

 

उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल अवशेषों व पराली को खेतों में न जलाएं, बल्कि वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण करें ताकि भूमि की उर्वरता बनी रहे। साथ ही कहा कि पराली को गो-आश्रय केंद्रों में दान कर किसान “गौ संरक्षण” जैसे पुनीत कार्य में भागीदार बनें।

 

डीएम त्रिपाठी ने मिल प्रबंधन को निर्देश दिया कि किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान समय से और सुगमता से सुनिश्चित किया जाए।

 

मिल के महाप्रबंधक अनिल सखूजा ने बताया कि पेराई सत्र 2025-26 में 80 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि गेहूं की बुवाई में असुविधा न हो, इसलिए पेराई सत्र की शुरुआत समय से कर दी गई है। किसानों से उन्होंने अपील की कि साफ-सुथरा गन्ना मिल को उपलब्ध कराएं और उन्नतशील प्रजातियों की बुवाई करें ताकि अधिक उत्पादन व लाभ सुनिश्चित हो सके।

 

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि खोखर, कारखाना प्रबंधक अनिल यादव, राजन सिंह, वहाजुद्दीन, संजीव राठी, जगतार सिंह समेत क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, गन्ना किसान और मिल कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!