
*वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर नगर निगम खंडवा में कार्यक्रम –*
खण्डवा//नगर निगम सभागृह खंडवा में शुक्रवार
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज की। इस आयोजन का संचालन माननीय महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें नगर निगम परिवार ने एक साथ राष्ट्रीय भावना के इस ऐतिहासिक क्षण को गौरवपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत लाइव LED प्रसारण के माध्यम से हुई, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वंदे मातरम् गीत के समृद्ध इतिहास एवं स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेशवासियों एवं कार्यक्रम से सजीव रूप से जुड़े सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और राष्ट्रगीत के प्रति सभी के सम्मान को सराहा।
मुख्यमंत्री जी के संबोधन के पश्चात सभागृह में उपस्थित सभी जनों द्वारा वंदे मातरम् गीत को सामूहिक रूप से गाया गया। इस दौरान सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगीत की गरिमा को महसूस करते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इसके बाद लाइव प्रसारण के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने अपने संबोधन में देशवासियों से स्वदेशी अपनाने का आग्रह किया और सभी को इस दिशा में संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री ने देश के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए प्रत्येक नागरिक से स्वदेशी वस्तुओं और उत्पादों के उपयोग की शपथ दिलाई।
10 नवंबर को निगम कार्यालय में सुबह 10 बजे से वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आयोजित होगा ।










