
आज से फिर शुरू होगा यातायात माह, दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाना जरूरी
#हरदोई। जिले में एक नवंबर (आज) से शुरू हो रहे यातायात माह पर विशेष अभियान चलाकर न सिर्फ लोगों को जागरूक किया जाएगा, बल्कि नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
एएसपी पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि यातायात माह के दौरान जीवन रक्षा हेलमेट, शीट बेल्ट, प्रदूषण प्रमाणपत्र से जुड़े नियम तोड़ने वालों पर सख्ती से निपटा जाएगा। इसके साथ एकल दिशा व रॉग साइड चलने वालों पर विशेष नजर रहेगी। हर बार की तरह इस बार भी यातायात माह ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ के स्लोगन के साथ मनाया जाएगा।
पुलिस लाइन से शनिवार सुबह इस विशेष अभियान का उद्घाटन डीएम और एसपी करेंगे। एक महीने में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं विशेष वाहन चेकिंग अभियान भी शुरू किया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक किए जाएंगे और नियमों से संबंधि ात पर्चे बांटे जाएंगे।
एएसपी पूर्वी नपेन्द्र कुमार के मुताबिक, पूरे महीने में दो पहिया पर बिना हेलमेट व तीसरी सवारी, निर्धारित गति सीमा से तेज चलाने वाले वाहन चालक, चार पहिया वाहन में शीट बेल्ट, वाहन चलाते वक्त नशा व मोबाइल का प्रयोग करने वाले, नाबालिग के हाथ में वाहन, बिना प्रदूषण सर्टिफिकेट, लाइसेंस व बीमा प्रमाण पत्र वाले और एकल दिशा व रॉन्ग साइड में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया जाएगा। अगर इसके बाद भी कोई नहीं मानता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीओ यातायात अनुज मिश्रा और ट्रैफिक इन्चार्ज प्रमोद यादव ने बताया कि यातायात माह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। #HardoiPolice











