
नगरी हस्तिनापुर के समीप स्थित मखदुमपुर गंगा तट पर लगने वाला प्रसिद्ध गंगा स्नान मेला अब अपने पूरे रंग में नजर आने लगा है। हर साल की तरह इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां अब पूर्ण हो चुकी हैं।
आज शनिवार की सुबह जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी मेले का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर उच्च प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रहेगी।
उद्घाटन से पहले ही मेले में रौनक चरम पर पहुंच चुकी है। गंगा घाट से लेकर मेला मैदान तक रंग-बिरंगे तंबू, झूले और सजावटी दुकानों की कतारें एक मनमोहक दृश्य पेश कर रही हैं। भक्तों के लिए प्रसाद, खिलौने, श्रृंगार सामग्री, और पूजा-पाठ की वस्तुओं की दुकानें सजी हुई हैं। रात होते ही लाइटों की जगमगाहट और भक्ति संगीत की धुनें पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक माहौल में बदल देती हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन का विशेष ध्यान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार अतिरिक्त
पुलिस बल और निगरानी टीमों की तैनाती की है। उपजिलाधिकारी संतोष सिंह और क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने शुक्रवार को मेले का विस्तृत निरीक्षण किया और सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बनी रहनी चाहिए तथा श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मेले की निगरानी के लिए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है जिसमें सभी पुलिसकर्मी जुड़ेंगे। किसी भी घटना या आपात स्थिति की सूचना तुरंत ग्रुप में साझा की जाएगी, ताकि मौके पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।











