


रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ। संगठन में पुनः दायित्व मिलने के बाद भाजपा की प्रदेश मंत्री संगीता सोनी शनिवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया से सौजन्य भेंट करने उनके निवास पर पहुँचीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने गुलदस्ता भेंट कर और पार्टी का दुपट्टा पहनाकर प्रदेश मंत्री संगीता सोनी का आत्मीय स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर बधाई दी।
गौरतलब है कि श्रीमती संगीता सोनी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम में दोबारा शामिल की गईं हैं। वे प्रदेश संगठन में मंत्री पद जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पाने वाली झाबुआ जिले की एकमात्र नेत्री हैं। उनके माध्यम से झाबुआ का प्रतिनिधित्व प्रदेश भाजपा संगठन में बरकरार रहा है।
भाजपा की प्रदेश मंत्री संगीता सोनी शनिवार को झाबुआ पहुंचीं। आगमन पर उन्होंने राजगढ़ नाके पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात वे कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया के गोपाल कॉलोनी स्थित निवास पर पहुँचीं।
भेंट के दौरान दोनों महिला नेत्रियों ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के विषय पर चर्चा की।
इस अवसर पर मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा— “यह हमारे जिले के लिए गर्व का विषय है कि पार्टी संगठन ने हमारी बहन संगीता सोनी को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इससे यह भी सिद्ध होता है कि भाजपा पार्टी महिला नेतृत्व को निरंतर आगे बढ़ा रही है।”
प्रदेश संगठन में दायित्व मिलने पर श्रीमती संगीता सोनी ने कहा— “प्रदेश नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगी।”
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया, जिला महामंत्री राजेश वसुनिया एवं विजय चौहान, जिला मंत्री बबलू सकलेचा, जिला पंचायत सदस्य विजय भाबर, बलवंत डामोर, रामा मंडल अध्यक्ष करण सिंह अमलियार, समाजसेवी विश्वास सोनी, थांदला मंडल अध्यक्ष बंटी डामोर, झाबुआ नगर मंडल अध्यक्ष अंकुर पाठक सहित अनेक पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता
उपस्थित थे।
 
 
 












