‘स्लैम द स्कैम्स’ साइकिल रैली का आयोजन, शिक्षा अधिकारी श्री सोलंकी ने दिखाई हरी झंडी।
खंडवा।। सीडीएसएल निवेशक सुरक्षा कोष तथा भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्लैम द स्कैम्स’ शीर्षक से एक साइकिल रैली का आयोजन अरविंद कुमार नितिन कुमार स्कूल में किया गया। इस रैली में लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि
रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शेयर बाज़ार में होने वाले वित्तीय घोटालों, धोखाधड़ी और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था। यह रैली सेबी स्मार्ट्स प्रशिक्षक तथा सीडीएसएल के संसाधन व्यक्ति अनिमेष उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। रैली का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी. एस. सोलंकी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर सोसायटी सदस्य श्रीमती पूजा प्रज्ञान गुप्ता, प्राचार्य श्रीमती जसमीत साहनी, समाजसेवी सुनील जैन प्रबंधक सतीश पटेल सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर सिविल लाइन स्टेडियम होते हुए पुलिस अधीक्षक निवास चौराहा तक निकाली गई और पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। सुनील जैन ने बताया कि रैली के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं नारे के माध्यम से आम जनता को विभिन्न प्रकार के स्कैम, वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया।








