खंडवा के तैराकों का जलवा, संभागीय तैराकी प्रतियोगिता में जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक।
प्रतीक्षा तिवारी, प्राची सोनी और कृष्णा रघुवंशी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन।
खंडवा।। इंदौर के तरण पुष्कर स्विमिंग पूल पर शनिवार को संभागीय तैराकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें खंडवा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि हमारे खंडवा जिले में हर विधा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है इन प्रतिभाओं को सम्मानजनक मंच मिल जाता है तो यह प्रतिभाएं अपने हुनर कला का प्रदर्शन करते हुए खंडवा का नाम प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करती हैं। स्विमिंग के क्षेत्र में भी खंडवा के खिलाड़ियों ने संभाग स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण अन्य पदक जीतकर खंडवा का नाम रोशन किया उल्लेखनीय की यह सभी खिलाड़ी स्विमिंग पूल में नहीं बल्कि गणगौर घाट पर प्रतिदिन पहुंचकर अपने प्रशिक्षकों से स्विमिंग का ज्ञान प्राप्त कर लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इंदौर में आयोजित संभाग स्तर की प्रतियोगिता में लहरों के राजा तैराकी संघ के कृष्णा रघुवंशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं प्रतीक्षा तिवारी और प्राची सोनी ने शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल हासिल किया। इसी क्रम में ओजस्व रघुवंशी एवं अथर्व जायसवाल ने शानदार तैराकी से ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किए। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रतीक्षा तिवारी, प्राची सोनी और कृष्णा रघुवंशी का चयन आगामी राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो कुछ माह बाद भोपाल में आयोजित की जाएगी। इन सफलताओं से खंडवा जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। खिलाड़ियों के माता-पिता, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने बच्चों की सफलता पर गर्व व्यक्त किया है। इस उपलब्धि पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल महापौर अमृता अमर यादव विधायक कंचन मुकेश तनवे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज राय, जिला शिक्षा अधिकारी,जिला खेल अधिकारी, कोच अरविंद्र सिंह सचदेव,राजकुमार सिसोदिया,संजय शर्मा सुनील जैन एवं लहरों के राजा ग्रुप के सभी सदस्यों ने सभी चयनित एवं पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।








