
राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के अंतर्गत अपार आईडी एवं आभा आईडी तैयार कराने का विशेष अभियान
डिंडौरी : 20 सितंबर, 2025
कलेक्टर डिंडोरी श्रीमती नेहा मारव्या के मार्गदर्शन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्रिय टीम के नेतृत्व में जिले की समस्त परियोजनाओं में राष्ट्रीय पोषण माह 2025 के अंतर्गत विविध जागरूकता एवं सेवा आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी के तहत अपार ( APAAR ) आईडी एवं आभा ( ABHA ) आईडी तैयार कराने का विशेष अभियान 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर 2025 तक चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को डिजिटल पहचान से जोड़ना, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं को सुलभ बनाना तथा आधुनिक तकनीक का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों एवं सामुदायिक स्थलों पर विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें आभा आईडी पंजीकरण शिविर नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं से डिजिटल रूप से जोड़ने हेतु।
अपार आईडी निर्माण : विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक पहचान पत्र तैयार कराना।
पोषण परामर्श एवं जागरूकता सत्र : महिलाओं एवं बच्चों को संतुलित आहार, एनीमिया नियंत्रण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
पुरुषों एवं युवाओं की सहभागिता : उन्हें परिवार के स्वास्थ्य और पोषण में अपनी भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र हितग्राही इस अभियान से वंचित न रहे। विभिन्न विभागों के सहयोग से यह अभियान एक उत्सव के रूप में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संपन्न हो रहा है।









