
उदयपुर। नेपाल में चल रहे हिंसक आंदोलन के बीच उदयपुर जिले के 33 यात्री फंस गए। सभी यात्री शहर से पानेरियों की मादड़ी, वल्लभनगर और खरसाण क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह दल मंगलवार सुबह पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करने पहुंचा था। दर्शन के बाद उन्हें नेपाल के अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करना था, लेकिन अचानक भड़के हिंसक प्रदर्शनों के चलते उन्हें होटल में ही रुकना पड़ा।
खरसाण के पूर्व सरपंच भगवतीलाल मेनारिया ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। माहौल बिगड़ने के कारण उन्होंने बुधवार को भारत लौटने का प्रयास किया, लेकिन हालात और तनावपूर्ण होने से वे निकल नहीं पाए। नेपाली सेना ने हस्तक्षेप करते हुए यात्रियों को होटल में सुरक्षित पहुंचाया।
इस बीच, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने विदेश मंत्रालय को सभी यात्रियों की सूची सौंपी है। संभावना जताई जा रही है कि हालात सामान्य होने पर दल को शुक्रवार को भारत लाया जा सकता है।