
*गुरु पूर्णिमा पर्व पर नगर निगम खंडवा द्वारा 3R केंद्र पर 12,000 कपड़ों का वितरण एवं पर्यावरण-संवेदनशील पहल*
खण्डवा//गुरु पूर्णिमा पर्व के पावन अवसर पर नगर निगम खंडवा द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल की गई। गुरुवार को
3R (Reduce, Reuse, Recycle) केंद्र पर संकलित करीब 12,000 कपड़ों का वितरण किया गया। इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, MIC सदस्य श्री राजेश यादव तथा निगमायुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत की गरिमामयी उपस्थिति में यह वितरण संपन्न हुआ।
इन कपड़ों में गर्म कपड़े, पैंट-शर्ट, साड़ियां, बच्चों के वस्त्र आदि शामिल थे, जिन्हें जरूरतमंद नागरिकों को वितरित किया गया। अनेक नागरिकों ने तत्काल कपड़े पहनकर कृतज्ञता प्रकट की। यह कार्यक्रम 3R सिद्धांत — Reduce, Reuse, Recycle — के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो कपड़ों के पुनः उपयोग को बढ़ावा देता है तथा अपशिष्ट प्रबंधन को सशक्त करता है।
*गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पर्यावरण-संवेदनशील भंडारा: लगभग 4 लाख दोने पत्तल वितरित कर स्वच्छता का दिया संदेश*
गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में दिनांक 09/07/25 को नगर निगम खंडवा द्वारा एक और प्रेरणादायक पहल करते हुए शहर के विभिन्न भंडारा आयोजकों को करीब 4 लाख दोने पत्तल (पालाश के पत्तों से निर्मित) वितरित किए गए। इस अभियान का शुभारंभ माननीय महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव द्वारा किया गया। उन्होंने आयोजकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी नागरिकों से प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग न करने की अपील की।
नगर निगम की इस पहल से न केवल प्लास्टिक के उपयोग में कमी आएगी, बल्कि पारंपरिक और जैविक विकल्पों को भी बढ़ावा मिलेगा।
*निगम चौराहे पर भव्य भंडारा आयोजित, महापौर सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति*
नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा आज निगम चौराहे पर भव्य सार्वजनिक भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन का शुभारंभ महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा एवं MIC सदस्यों द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया एवं नगर निगम द्वारा दी जा रही सेवाओं एवं जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस आयोजन के माध्यम से निगम कर्मचारियों ने अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए गुरु पूर्णिमा पर्व को सेवा-पर्व के रूप में मनाया।
*नगर निगम खंडवा की नागरिकों से विशेष अपील*
नगर निगम खंडवा समस्त नागरिकों से अपील करता है कि—
• प्लास्टिक के उपयोग से बचें।
• पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों जैसे दोने-पत्तल आदि का प्रयोग करें।
• 3R केंद्रों में कपड़े, प्लास्टिक एवं अन्य पुनः उपयोग योग्य वस्तुएं दान करें।
• शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।












