
विनोद गोस्वामी के निधन उपरांत हुआ नेत्रदान,मौत के बाद भी दो जिंदगियों में रोशनी भर गए गोस्वामी।
सक्षम, लायन्स एवं नेत्रदान-देहदान समिति के सहयोग से सम्पन्न हुआ 525 वाँ नेत्रदान।
खण्डवा। सिंधी कालोनी गली न 3 खण्डवा निवासी 29 वर्षीय विनोद गोस्वामी के अल्पायु में देवलोकगमन के पश्चात शोकाकुल परिवार ने मानवता की सर्वोच्च मिसाल प्रस्तुत करते हुए नेत्रदान का संकल्प लिया। पिता शंकर गिरी गोस्वामी, काका हरीश गोस्वामी, बसंत मंगवानी, रोमी सन्तवानी व परिवारजनों की सहमति से सक्षम संस्था, लायन्स क्लब खण्डवा एवं नेत्रदान, देहदान एवं अंगदान जनजागृति समिति के सहयोग से नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई।
समिति के संयोजक नारायण बाहेती ने बताया कि यह समिति द्वारा सम्पन्न कराया गया 525 वाँ नेत्रदान है। उन्होंने कहा कि समाज में नेत्रदान के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण अनेक परिवार अपने प्रियजनों की अंतिम इच्छा को मानव सेवा से जोड़ रहे हैं, जिससे कई नेत्रहीनों के जीवन में पुनः प्रकाश पहुँच रहा है।
नेत्रदान की प्रक्रिया में डॉ. सोमिल जैन, नेत्र चिकित्सा सहायक प्रहलाद तिरोले,नारायण बाहेती,अनिल बाहेती, घनश्याम वाधवा, डॉ. राधेश्याम पटेल, राजीव शर्मा, राजीव मालवीय, सुनील जैन,गांधीप्रसाद गदले, सुरेन्द्रसिंह सोलंकी, रणवीर सिंह चावला, चंचल गुप्ता, लियो अभिषु शर्मा,अर्पित बाहेती, सुमित परिहार एवं शिवम जायसवाल ने सक्रिय सहभागिता निभाई।इस अवसर पर विक्रम सहजवानी,कैलाश गोस्वामी व संजय सभनानी उपस्थित रहे।
नेत्रदान सम्पन्न होने के उपरांत समिति की ओर से गोस्वामी परिवार को नेत्रदान आभार-पत्र भेंट कर उनके इस महान एवं प्रेरणादायी निर्णय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। समाजसेवी व सदस्य सुनील जैन ने बताया कि
समिति के प्रमुख नारायण बाहेती के मार्गदर्शन में लायन्स नेत्रदान, देहदान एवं अंगदान जनजागृति समिति सदस्यों के माध्यम से अब तक 525 नेत्रदान तथा 24 दिवंगतों का देहदान मेडिकल कॉलेज को कराया जा चुका है, जिससे चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं मानव सेवा को महत्वपूर्ण सहयोग मिला है।
समिति ने नागरिकों से अपील की है कि वे नेत्रदान एवं देहदान का संकल्प लेकर इस महापुण्य कार्य से जुड़ें। इच्छुक व्यक्ति घोषणा-पत्र भरने अथवा अधिक जानकारी के लिए समिति से किसी भी समय संपर्क कर सकते हैं।











