
–
अलीगढ़। शहर के युवा गीतकार नवनीत सागर को उनकी साहित्यिक और सांस्कृतिक सेवाओं के लिए डॉ0 बी.आर. अंबेडकर इंटरनेशनल अवार्ड 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान वर्ल्ड चैरिटी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया जा रहा है। सम्मान समारोह आगामी 25 जून को हैदराबाद के डॉ0 ए एस राव नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से समाजसेवा, कला, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
गीतकार नवनीत सागर को यह सम्मान उनके द्वारा गीत लेखन के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है। नवनीत सागर ने युवा पीढ़ी के बीच सामाजिक चेतना, मानवीय मूल्य और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों को लेकर कई प्रेरणादायक गीत लिखे हैं, जो श्रोताओं को न केवल भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सोच भी जगाते हैं। फाउंडेशन के अध्यक्ष ने कहा कि गीतकार नवनीत सागर जैसे युवाओं को सम्मानित करना समाज में रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अहम कदम है। इस सम्मान को लेकर गीतकार नवनीत सागर ने खुशी जताते हुए कहा, यह अवार्ड मेरे लिए बहुत ही गौरव का विषय है। यह मुझे और बेहतर लेखन के लिए प्रेरित करेगा। मैं चाहता हूं कि मेरी रचनाएं समाज में एक सकारात्मक प्रभाव छोड़ें और लोगों को जागरूक बनाएं।



