मेरठ। थाना सरधना क्षेत्र के गांव मंढियाई में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां छोटे भाई ने नशे की हालत में अपने ही बड़े भाई की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव के पास ही बैठा रहा, जिसे देखकर ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए।जानकारी के मुताबिक, गांव मंढियाई निवासी बंजारा समाज के नूरा का बड़ा बेटा टीटू (65) बीती रात अपने घेर में सोया हुआ था। देर रात करीब डेढ़ बजे उसका छोटा भाई काला वहां पहुंचा। बताया गया कि वह शराब के नशे में धुत था और उससे पहले भी शराब पीने को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी हो चुकी थी।कहासुनी के बाद टीटू अलग जाकर सो गया, लेकिन नशे में चूर काला ने घेर में पड़ी ईंट उठाई और सोते हुए टीटू के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। ईंट के हमले इतने घातक थे कि टीटू की मौके पर ही मौत हो गई।चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी काला शव के पास ही बैठा मिला। यह दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया। ग्रामीणों ने तत्काल टीटू को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर सरधना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी काला को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी काला अक्सर शराब के नशे में रहता था और पहले भी कई बार झगड़े की स्थिति बना चुका था। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि हत्या के पीछे केवल शराब का नशा था या कोई और कारण भी छुपा है।













