
कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में 26 मई 2026 को हुई ज्वेलरी कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महज दो सप्ताह के भीतर मामले में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टे, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, वाहन तथा लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 26 मई को कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूटने का प्रयास किया गया था। विरोध करने पर मुख्य आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल ने अवैध हथियार से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी आभूषण लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में जीपीएम, बिलासपुर, मुंगेली समेत आसपास के जिलों की पुलिस टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य (TechINT), मानव खुफिया सूचना (HumINT), साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
ऐसे बनाई गई थी लूट की साजिश
मुख्य आरोपी खुशीराम साहू निवासी बिटकुला, जिला बिलासपुर ने बिहार और झारखंड के अपने परिचित अपराधियों राहुल उर्फ मनीष मंडल, सुजीत उर्फ राजू दास, संतोष कुमार दास तथा अपने भतीजे राजाराम साहू के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले साप्ताहिक बाजारों में सोना-चांदी व्यापारियों की गतिविधियों की रेकी की और फिर कोटमीकला बाजार को निशाना बनाया।
घटना से तीन दिन पहले आरोपी देवरीखुर्द पहुंचकर रुके थे और 26 मई की शाम वारदात को अंजाम दिया। हत्या और लूट के बाद आरोपी अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। बाद में लूटे गए आभूषणों का आपस में बंटवारा भी किया गया।
बिहार और झारखंड से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल को बिहार के बांका जिले से, सुजीत उर्फ राजू दास को बिहार के रजौन क्षेत्र से तथा संतोष कुमार दास को झारखंड के गोड्डा जिले से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध में शामिल होना स्वीकार किया।
बरामद सामग्री पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्न सामग्री बरामद की है—
– घटना में प्रयुक्त 02 देशी कट्टे
– 04 जिंदा कारतूस एवं 01 खोखा
– लूटे गए लगभग 40 ग्राम सोना
– 4 किलो 480 ग्राम चांदी
– 07 मोबाइल फोन
– 02 मोटरसाइकिल
– 01 स्विफ्ट कार
गिरफ्तार आरोपी
1. खुशीराम साहू, निवासी बिटकुला, जिला बिलासपुर
2. राजाराम साहू, निवासी बिटकुला, जिला बिलासपुर
3. गया प्रसाद रजक, निवासी देवरीखुर्द, कोटमीकला
4. राहुल उर्फ मनीष मंडल, निवासी बांका (बिहार)
5. सुजीत उर्फ सरगुन उर्फ राजू दास, निवासी बांका (बिहार)
6. संतोष कुमार दास, निवासी गोड्डा (झारखंड)
7. श्रेयांश शुक्ला, निवासी बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा
पुलिस के अनुसार बिहार और झारखंड से गिरफ्तार तीन आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम की बड़ी सफलता
इस बहुचर्चित अंधे कत्ल और लूटकांड के खुलासे में बिलासपुर रेंज, जीपीएम, मुंगेली, साइबर सेल तथा ACCU की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इसे तकनीकी जांच और अंतरराज्यीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।









