31 मई 2025 तक समर्थन मूल्य पर चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी, कृषक शीघ्र कराएं स्लॉट बुकिंग
डिंडौरी : 07 मई, 2025
शासन द्वारा रबी विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत किसानों की उपज चना, मसूर एवं सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है, जिसकी अंतिम तिथि 31 मई 2025 निर्धारित की गई है। खरीदी प्रक्रिया 25 मार्च से प्रारंभ होकर 31 मई 2025 तक चलेगी
भारत सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य इस प्रकार है चना ₹5650 प्रति क्विंटल, मसूर: ₹6700 प्रति क्विंटल, सरसों: ₹5950 प्रति क्विंटल निर्धारित है।
जिले में उपार्जन के लिए निर्धारित केंद्र:
1. आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, चांदपुर (निगवानी परिसर, डिंडौरी)
2. विपणन सहकारी समिति मर्यादित, गोरखपुर
3. आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, शहपुरा
उपार्जन कार्य सोमवार से शुक्रवार, प्रातः 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक किया जा रहा है, जिसमें सायं 6:00 बजे तक तौल पर्ची जारी की जाएगी। अब किसानों को एसएमएस का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत सत्यापित कृषक स्वयं स्लॉट बुकिंग कर अपनी उपज निर्धारित उपार्जन केंद्र में विक्रय कर सकते हैं।
स्लॉट बुकिंग के माध्यम:
किसान स्वयं के मोबाइल, एम.पी. ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), ग्राम पंचायत, लोक सेवा केंद्र, इंटरनेट कैफे, उपार्जन केंद्र के माध्यम से कर सकते हैं।
पंजीकृत कृषकों से आग्रह है कि वे जल्द से जल्द स्लॉट बुकिंग कर समय पर निर्धारित केंद्रों पर उपज विक्रय करें, ताकि वे समर्थन मूल्य योजना का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सकें।







