ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

विपक्षी नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय की दुर्भाग्यपूर्ण कार्यवाही के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

न्याय और लोकतंत्र की रक्षा हेतु कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


आज जब भारत 75 वर्षों से अधिक पुराने लोकतंत्र की विरासत का दावा करता है, तब देश के भीतर एक खतरनाक प्रवृत्ति लगातार गहराती जा रही है, केंद्र सरकार द्वारा सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग की। विशेष रूप से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई, लोकतंत्र की आत्मा को निरंतर घायल कर रही है!
हाल ही में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के विरुद्ध नेशनल हेराल्ड प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा आरोप पत्र दाखिल किया गया है। यह न केवल अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि स्पष्ट रूप से यह केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध की संकीर्ण मानसिकता का भी प्रतीक है।
जिस परिवार ने इस देश के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया, जिनके अपने बलिदान हुए, उस गांधी-नेहरू परिवार को केंद्र की सत्ता में बैठी भाजपा सरकार बार-बार अपमानित करने का असफल प्रयास कर रही है। 2014 से लगातार यह देखा जा रहा है कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ ईडी, सीबीआई, आईटी जैसी एजेंसियों का मनमाना उपयोग किया जा रहा है! इससे यह स्पष्ट है कि यह एक राजनीतिक हथियार के रूप में एजेंसियों को प्रयोग करने की रणनीति है।
हम महामहिम से निम्नलिखित मांग करते हैं –
आप भारत के संविधान के संरक्षक हैं, कृपया इस गंभीर प्रकरण में स्वतः संज्ञान लें और केंद्र सरकार से जवाब तलब करें कि बिना किसी मूल शिकायत के किस आधार पर वर्षों पुराने प्रकरण को पुनः खोलकर विपक्ष के शीर्ष नेताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है?
राजनीतिक प्रतिद्वंदिता की आड़ में लोकतंत्र को कुचलने की साजिश को रोका जाए। देश की संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बचाने हेतु भी आप तत्काल हस्तक्षेप करें।
इस प्रकार की कार्रवाइयों पर तत्काल निष्पक्ष और स्वतंत्र न्यायिक जांच की व्यवस्था हो, जिससे देश की जनता के बीच एजेंसियों की निष्पक्षता और लोकतंत्र की साख बची रह सके।
यह ज्ञापन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मंडला जिला,शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा जा रहा है, ताकि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक जनता और जनप्रतिनिधियों की असहमति दर्ज हो सके।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ अशोक मर्सकोले,प्रदेश पदाधिकारी अभिनव चौरसिया,शहर अध्यक्ष रजनीश रंजन उसराठे वरिष्ठ कांग्रेसी संजय चौरसिया,रवि ठाकुर,अदीब गौरी,उमाकांत झरिया,नंदू भाईजान,आशीष चौधरी,राहुल श्रीवास,मीडिया विभाग से विवेक दुबे आदि कांग्रेस जन उपस्थित रहे।

✍️त्रिलोक न्यूज मंडला संवाददाता (यासमीन खान)

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!