
बैतूल। विकासखंड बैतूल में 27 नवंबर को विश्व विकलांग दिवस पर विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डीपीसी कार्यालय से आए एपीसी राजेश तुरिया, हाई स्कूल सदर और हाई स्कूल गर्ग कॉलोनी के प्राचार्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
विकासखंड की विभिन्न शालाओं से आए दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें 100 मीटर दौड़, चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, रंगोली प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता और नृत्य प्रतियोगिता शामिल थीं। हर प्रतियोगिता में दिव्यांग बच्चों ने अपनी प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। यह आयोजन दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने का सार्थक प्रयास साबित हुआ।
कार्यक्रम की सफलता में एमआरसी वीरेंद्र परिहार और गजेश मोहबे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन जनशिक्षक नेमीचंद मालवीय ने किया। इस आयोजन में विकासखंड बैतूल के समस्त बीआरसी स्टाफ, सभी जनशिक्षक, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपना पूर्ण योगदान दिया।।बीआरसी बैतूल दुर्गेश रघुवंशी और समस्त अतिथियों ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम का समापन सम्मान और हर्षोल्लास के साथ हुआ।