गोगा नवमी पर्व के चल समारोह को लेकर पुलिस अधिकारियों ने ली बैठक

गांधीनगर में वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों एवं गोगा देव की छड़ियों के आयोजकों से की चर्चा
आगामी गोगा नवमी पर्व पर निकलने वाले चल समारोह को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में थाना मोघट रोड क्षेत्र के गांधीनगर में वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों एवं गोगा देव की छड़ियों के आयोजकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेंद्र तारणेकर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव बारंगे, थाना प्रभारी मोघट रोड श्री विकास खींची, यातायात थाना प्रभारी श्री देवेंद्र परिहार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान गोगा नवमी पर निकलने वाली छड़ियों के रूट, चल समारोह की व्यवस्थाओं तथा समारोह के दौरान बजने वाले गानों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित सभी लोगों से पर्व को शांति, सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही चल समारोह के दौरान डीजे का सीमित उपयोग करने, किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक नारे या गाने नहीं बजाने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी अथवा पोस्ट नहीं करने के संबंध में समझाइश दी गई।
पुलिस प्रशासन ने आयोजकों एवं समाज के प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।














