
इंदौर में खंडवा की बेटियों का दमदार प्रदर्शन, अर्शिया अल्ताफ सहित दो पहलवानों ने जीता स्वर्ण पदक।
कुश्ती के क्षेत्र में हमारा जिला प्रदेश में कुश्ती का हब, एवं बोरगांव खुर्द खान बन चुका है।
खंडवा। इंदौर में 18 एवं 19 जुलाई को आयोजित महिला मध्यप्रदेश योद्धा कुश्ती चैंपियनशिप में खंडवा जिले की महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में अर्शिया अल्ताफ ने 46 किलोग्राम भार वर्ग तथा माधुरी पटेल ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं अन्य महिला पहलवानों ने भी रजत एवं कांस्य पदक जीतकर खंडवा का नाम प्रदेश भर में रोशन किया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि बिना शासकीय कोच के खंडवा के बालक बालिका पहलवान अपने गुरुओं से कुश्ती कला का प्रशिक्षण प्राप्त कर खंडवा का नाम देश-विदेश एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं, कुश्ती के क्षेत्र में हमारा खंडवा मध्य प्रदेश में कुश्ती का हब बन चुका है, वही छोटा बोरगांव कुश्ती की खान बन चुका है। सुनील जैन ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व की हम बात करें तो परिजन लड़कियों को कभी भी कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ने नहीं देते थे, लेकिन देश के साथ ही खंडवा में भी परिजनों ने अपनी बालिकाओं को कुश्ती के क्षेत्र में उतारा, आज हम गर्व से कह सकते हैं कि खंडवा जिले की बालिकाएं कुश्ती के क्षेत्र में भी खंडवा का नाम देश-विदेश में रोशन कर रही है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि श्री कृष्ण व्यायामशाला, बोरगांव खुर्द (खंडवा) की प्रतिभाशाली पहलवान अर्शिया अल्ताफ ने अपने कोच जगदीश पटेल के मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 किलोग्राम वर्ग के सभी मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं माधुरी पटेल ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर खंडवा को एक और बड़ी सफलता दिलाई। प्रतियोगिता में सामीया बानों ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा आनन्या शिर्के (33 किग्रा), भावना राठौर (36 किग्रा), अलीशा फ्रांशिस (36 किग्रा), उर्वशी कनाडे (39 किग्रा), रोशनी पटेल (49 किग्रा), नंदनी वर्मा (57 किग्रा) तथा टिया कंठ (62 किग्रा) ने अपने-अपने भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
अर्शिया अल्ताफ की खेल यात्रा में उनके चाचा पप्पू पहलवान (सनावद) का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जो उनकी कुश्ती का संपूर्ण खर्च वहन करते हैं। वहीं खंडवा से बोरगांव खुर्द तक अभ्यास के लिए नियमित आवागमन की व्यवस्था अमित कंठ द्वारा की जाती है। कोच जगदीश पटेल राजेंद्र पांजरे ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास तथा सभी शुभचिंतकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण व्यायामशाला के खिलाड़ी लगातार प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खंडवा जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
खंडवा की महिला पहलवानों की इस शानदार उपलब्धि पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तनवे, महापौर अमृता अमर यादव, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, प्रवक्ता सुनील जैन, खेल प्रेमियों, समाजजनों एवं शुभचिंतकों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता जिले में महिला कुश्ती के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।












