
दादाजी धूनीवाले की पावन गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कमल यूथ क्लब द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निःस्वार्थ सेवा का आयोजन किया जाएगा
। क्लब पिछले 36 वर्षों से निरंतर गुरु पूर्णिमा मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सब्जी, पूरी एवं अचार के भोजन पैकेट वितरित कर सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करता आ रहा है।
क्लब के उपाध्यक्ष सतनाम सिंह होरा ने बताया कि सेवा कार्य की तैयारियों को लेकर आज क्लब की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्लब अध्यक्ष विनोद देशराज, सचिव श्याम हेमवानी, संरक्षक मानक अग्रवाल सहित सभी सदस्यों एवं सेवादारों ने सहभागिता कर सेवा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की।
उन्होंने बताया कि 28 एवं 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे दादाजी की समाधि पर भोग अर्पित करने के पश्चात भोजन पैकेट वितरण का शुभारंभ होगा। इसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक भोजन पैकेट वितरित किए जाएंगे।
यह सेवा भवानी माता मंदिर के समीप नवीन पुलिया के पास संचालित की जाएगी, जहां कमल यूथ क्लब के सभी सेवादार पूरी श्रद्धा, समर्पण और सेवा भाव के साथ आने वाले भक्तों की सेवा में जुटे रहेंगे।
कमल यूथ क्लब ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे गुरु पूर्णिमा महापर्व पर दादाजी के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करने के साथ इस सेवा कार्य का भी लाभ लें तथा सेवा और सद्भाव की इस परंपरा को आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान करें।












