
किशोर प्रेरणा मंच एवं सामाजिक संस्थाओं ने की ‘किशोर कुमार चौक’ नामकरण की मांग।

किशोर कुमार के पैतृक निवास के समीप स्थित चौराहे को उनके नाम से नामित करने का किया आग्रह।
खण्डवा। विश्वप्रसिद्ध गायक, अभिनेता, संगीतकार एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी किशोर कुमार के सम्मान में उनके पैतृक निवास के समीप चौराहे का नामकरण “किशोर कुमार चौक” किए जाने की मांग को लेकर किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच ने संगीत और किशोर प्रेमियों की मांग के साथ शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को मांग-पत्र सौंपा।
मंच द्वारा चेम्बर ऑफ कॉमर्स, लायन्स क्लब, रोटरी क्लब, जेसीआई क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहमति से तैयार मांग-पत्र प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन तनवे, महापौर अमृता यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत के नाम लिखा गया।
मंच के प्रवक्ता सुनील जैन एवं सचिव नारायण बाहेती ने बताया कि खण्डवा को विश्वभर में विशिष्ट पहचान दिलाने वाले महान कलाकार किशोर कुमार का जन्म बॉम्बे बाजार स्थित उनके पैतृक निवास में हुआ था। वे केवल खण्डवा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनके सम्मान में उनके निवास के निकट स्थित चौराहे का नामकरण किशोर कुमार के नाम पर किए जाने से शहर की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान और अधिक सशक्त होगी। साथ ही सम्पूर्ण देश से आने वाले लाखों किशोर प्रेमियों एवं पर्यटकों के लिए यह स्थान विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मांग-पत्र सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला ने किया। प्रतिनिधिमंडल में सचिव नारायण बाहेती, प्रवक्ता सुनील जैन सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने महापौर अमृता यादव, कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत को सदस्यों,सामाजिक संस्थाओं तथा हजारों किशोर प्रेमियों की भावनाओं से अवगत कराया।
सुनील जैन ने बताया कि आगामी दिनों में प्रभारी मंत्री, सांसद एवं विधायक से भी भेंट कर इस जनभावना से अवगत कराया जाएगा तथा चौराहे का नाम “किशोर कुमार चौक” घोषित किए जाने का आग्रह किया जाएगा।











