
”आपदा प्रबंधन व्यवस्था के सशक्त सहयोगी हैं “आपदा मित्र” ,जिला स्तरीय “आपदा मित्र” सम्मेलन सम्पन्न
—
खण्डवा//
होमगार्ड्स एवं एसडीईआरएफ खंडवा द्वारा होमगार्ड्स लाइन परिसर में जिले के पुराने एवं सक्रिय आपदा मित्रों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला कमांडेंट श्री आशीष कुशवाहा ने की।सम्मेलन के दौरान आपदा मित्रों से संवाद स्थापित कर उनके अनुभव, सुझाव एवं अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी मानसून सत्र एवं संभावित बाढ़, जलभराव तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उनकी भूमिका एवं उपलब्धता के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान दिया गया।
आपदा मित्रों द्वारा समय-समय पर रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किए जाने की आवश्यकता व्यक्त करते हुए स्विमिंग, रैपलिंग, खोज एवं बचाव तथा अन्य आपदा प्रबंधन गतिविधियों के प्रशिक्षण पुनः प्रारंभ किए जाने का अनुरोध किया गया।
इस पर जिला कमांडेंट श्री कुशवाहा ने आश्वस्त किया कि अतिशीघ्र मॉक ड्रिल,विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं रेस्क्यू प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आपदा मित्रों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला कमांडेंट श्री कुशवाह ने बताया कि आपदा के समय उत्कृष्ट कार्य करने वाले एवं सक्रिय आपदा मित्रों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण, किट एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आपदा मित्रों के कौशल उन्नयन एवं क्षमता संवर्धन के लिए नियमित प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा मित्र प्रशासन एवं समाज के मध्य एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनकी तत्परता एवं सेवाभाव आपदा की परिस्थितियों में जन-जीवन की सुरक्षा एवं राहत कार्यों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सम्मेलन में उपस्थित आपदा मित्रों ने भविष्य में भी पूर्ण समर्पण एवं तत्परता के साथ आपदा प्रबंधन कार्यों में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।













