
रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ। शासकीय मॉडल कॉलेज झाबुआ में ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत छात्राओं में महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 17 अप्रैल 2026 को पोस्टर प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नारी शक्ति, महिला अधिकार, शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टर प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पी.के. उछावर द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति समाज की आधारशिला है और महिलाओं को सशक्त बनाना देश के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया।
निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के पोस्टरों का मूल्यांकन रचनात्मकता, संदेश की स्पष्टता एवं प्रस्तुति के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक एवं अतिथि विद्वान उपस्थित रहे।






