
कक्षा 9वी एवं 11वी के परीक्षा परिणाम ने शिक्षा विभाग की खामियों को किया उजागर “प्रतिभा रघुवंशी”
कक्षा 9वीं के 322 विद्यार्थियों में से 223 का अनुत्तीर्ण होना शिक्षा तंत्र की विफलता को दर्शाता है।
खंडवा/
खंडवा जिले में कक्षा 9वीं एवं 11वीं के हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों ने शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। विशेष रूप से खंडवा ब्लॉक के एमएलबी स्कूल का अत्यंत खराब परिणाम अत्यंत चिंताजनक और निराशाजनक है, जहां कक्षा 9वीं के 322 विद्यार्थियों में से 223 का अनुत्तीर्ण होना शिक्षा तंत्र की विफलता को दर्शाता है।जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि कक्षा 9वी एवं 11वी परिणाम को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर)ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि यह केवल विद्यार्थियों की असफलता नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र की जवाबदेही का विषय है। जब जिले में कक्षा 9वीं का परिणाम मात्र 59.52 प्रतिशत और खंडवा ब्लॉक में 49.86 प्रतिशत तक सिमट जाए, तो यह स्पष्ट संकेत है कि कहीं न कहीं गंभीर लापरवाही हो रही है।
एमएलबी स्कूल में मात्र 31 प्रतिशत परिणाम और सेक्शन ‘ई’ में केवल 9 विद्यार्थियों का पास होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे यह स्पष्ट होता है कि स्कूल में शैक्षणिक गुणवत्ता, नियमित कक्षाओं और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अभिभावकों द्वारा लगाए गए आरोप — जैसे शिक्षकों की अनियमित उपस्थिति, नियमित पढ़ाई का अभाव, और पैरेंट्स मीटिंग की सूचना न देना — अत्यंत गंभीर हैं और इनकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।
-प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि यदि विद्यार्थी पढ़ाई में कमजोर हैं, तो उन्हें मार्गदर्शन देना शिक्षकों और शिक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। केवल विद्यार्थियों पर दोष मढ़कर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि—
पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए
संबंधित स्कूल के शिक्षकों एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए
विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विशेष शैक्षणिक सुधार अभियान चलाया जाए
अभिभावकों और स्कूल के बीच बेहतर संवाद व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य किसी भी सरकार और समाज की सबसे बड़ी प्राथमिकता होना चाहिए। इस प्रकार की लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है और कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के हित में हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।





