
एसएन कॉलेज में योग पर केंद्रित एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न
—
खण्डवा//उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम #उमंग के तहत प्रधानमंत्री मंत्री कालेज आफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वर्तमान जीवन शैली में योग का महत्व विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. रेखा गुंजन ने कहा कि योग जीवन का वह आधार है जो हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. कुलदीप सिंह फरे ने दीर्घ जीवन प्राप्त करने के लिए योग को अपनाने के लिए विद्यार्थियों से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने जीवन में योग अभ्यास को सम्मिलित कर लेते हैं तो मनुष्य की औसत आयु बढ़ जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पधारी सूरजकुंड कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की योग शिक्षिका श्रीमती सीमा श्रीबाधो ने अपने व्याख्यान में योग के व्यापक एवं जीवन मूल्य से जुड़े स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि मन मस्तिष्क और शरीर को एक लाइन में स्थापित करने की समग्र साधना है। उन्होंने कहा कि हमें निर्धारित समय पर सोना चाहिए एवं निर्धारित समय पर जागना चाहिए एवं संतुलित एवं पोषक आहार ही ग्रहण करना चाहिए। व्याख्यान के समापन अवसर पर उन्होंने सभी को 3 मिनट का ध्यान उन्होंने करवाया। कार्यक्रम का संचालन उमंग नोडल श्री अमित कुमार अब्राहम के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. एस.एस. डावर के द्वारा किया गया।








