ताज़ा ख़बरें

“कर्ज में डूबता मध्यप्रदेश, आंकड़ों का खेल बना बजट 2026-27” ग्रामीण अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह बोले

खास खबर

“कर्ज में डूबता मध्यप्रदेश, आंकड़ों का खेल बना बजट 2026-27”
ग्रामीण अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह बोले

जनविरोधी बजट; शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने भी साधा निशाना

खंडवा/प्रदेश सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह ने सबसे पहले तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “निराशाजनक, जनविरोधी और आंकड़ों की बाजीगरी” करार दिया। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने भी बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेल रही है।जिला कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि इस निराशाजनक बजट को लेकर दोनों अध्यक्षों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इस बजट को जनविरोधी बजट बताया है।

“हर दिन कर्ज, बढ़ता आर्थिक संकट”
उत्तमपाल सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार प्रतिदिन करीब 3 करोड़ रुपये का कर्ज ले रही है और चालू वित्त वर्ष में लगभग 72,000 करोड़ रुपये का नया कर्ज लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पर पहले से ही 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है, और बजट सत्र से ठीक पहले 5,600 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेना प्रदेश की खराब वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।
उनका कहना है कि बजट का बड़ा हिस्सा कर्ज की देनदारियों में खर्च हो रहा है, जिससे विकास कार्य प्रभावित होंगे।
“लाड़ली बहना योजना पर सवाल”
प्रतिभा रघुवंशी ने लाड़ली बहना योजना को लेकर सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 3,000 रुपये प्रतिमाह देने का वादा करने वाली सरकार अब 1,500 रुपये तक सीमित हो गई है। साथ ही सरकार बनने के बाद योजना में नए नाम नहीं जोड़े जाने का भी आरोप लगाया।

“किसानों और आम जनता की अनदेखी”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए कोई ठोस रणनीति सामने नहीं आई है। एमएसपी, महिलाओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी बजट में स्पष्ट प्रावधानों का अभाव बताया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं अब भी जस की तस बनी हुई हैं।
बजट प्रबंधन पर भी उठे सवाल
उत्तमपाल सिंह ने आरोप लगाया कि पिछली बार सरकार अपने बजट की 50 प्रतिशत राशि तक खर्च नहीं कर पाई थी, जो वित्तीय प्रबंधन की विफलता दर्शाता है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने महंगाई, किसानों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
कांग्रेस ने बजट 2026-27 को “थोक और झूठा बजट” बताते हुए इसे प्रदेश की जनता को गुमराह करने वाला दस्तावेज करार दिया है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!