ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

स्वच्छता ही है स्वास्थ्य की कुंजी – गुड मॉर्निंग क्लब का सराहनीय प्रयास

 

रिपोर्टर = भव्य जैन

 

 “स्वस्थ शरीर ही मनुष्य जीवन का सबसे बड़ा धन है”

“साफ-सफाई से रहना जीवन का मुख्य हिस्सा है”

 

झाबुआ के शासकीय महाविद्यालय के कॉलेज मैदान पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे व्यायाम, योग, खेल एवं सैर के लिए आते हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्वच्छता का ध्यान रखना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए गुड मॉर्निंग क्लब के सदस्यों ने आज कॉलेज मैदान पर साफ-सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।

 

गुड मॉर्निंग क्लब नियमित योगदान

 

गुड मॉर्निंग क्लब के सदस्य नियमित रूप से मैदान पर योग और व्यायाम करते हैं। समय-समय पर वे यहां सफाई अभियान, पौधारोपण और पौधों की सुरक्षा हेतु ट्रिगर्ड लगाने जैसे कार्य करते रहते हैं। आज के अभियान में पर्वत सिंह राठौड़, नितिन जैन, रेमसिंग डामोर, महेंद्र शर्मा, कमलेश शर्मा, आशीष सोलंकी, महेश शाह, राजेश भावसार, प्रीतेश शाह, योगेंद्र चौहान, रवि भाई ठाकुर, टीमू दादा, भव्य जैन सहित अनेक सदस्य शामिल हुए।

 

गाजर घास जिसे कांग्रेस घास भी कहते हैं से खतरा

 

वर्षा ऋतु में मैदान और आसपास के क्षेत्रों में जंगली पौधे व चारा उग आता है। इनमें सबसे खतरनाक है गाजर कांग्रेस घास, जो न केवल मिट्टी की उर्वरता को कम करती है बल्कि चर्म रोग और श्वसन रोग जैसी समस्याएं भी उत्पन्न करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसके फूल आने से पहले इस घास को काटकर हटाना अनिवार्य है, अन्यथा इसके बीज हवा के साथ फैलकर हजारों नई पौधों का रूप ले लेते हैं।

 

मैदान की बिगड़ती स्थिति

 

कॉलेज मैदान की स्थिति फिलहाल चिंताजनक है। वॉकिंग ट्रैक से मिट्टी बह जाने के कारण खिलाड़ी चोटिल हो जाते हैं। व्यायाम की मशीनें टूट चुकी हैं। बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त होने से आवारा पशु दिनभर मैदान में घूमते रहते हैं और गंदगी फैलाते हैं। शासन और कॉलेज प्रशासन को इस पर गंभीर ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि मैदान फिर से सुरक्षित और आकर्षक बन सके।

 

मोबाइल बना बच्चों की सेहत का दुश्मन

आजकल बच्चों की संख्या मैदान में लगातार घट रही है। इसका प्रमुख कारण मोबाइल फोन है। देर रात तक मोबाइल चलाने की आदत के कारण बच्चे सुबह समय पर नहीं उठ पाते और व्यायाम से वंचित रह जाते हैं। सभी अभिभावकों से अपील है कि वे अपने बच्चों को सुबह मैदान भेजने के लिए प्रेरित करें, जिससे उनका शरीर स्वस्थ और मन प्रसन्न बना रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!