




रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ। नवरात्रि के पावन अवसर पर केशव विद्या पीठ में कन्या पूजन एवं गरबा रास का भव्य आयोजन किया गया। परंपरा के अनुसार नौ बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। छात्रों ने श्रद्धा भाव से कन्याओं का पूजन कर नवरात्रि पर्व की महत्ता को आत्मसात किया।
कन्या पूजन के उपरांत प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा रंग-बिरंगी लोक वेशभूषा में गरबा रास प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने विभिन्न गीतों की धुन पर मनमोहक नृत्य कर सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वंदना नायर ने कहा कि नवरात्रि हमारी संस्कृति एवं परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखने के लिए इस प्रकार के आयोजन विद्यालय में नियमित रूप से किए जाते हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन में श्रीमती शची भार्गव, संजना मावी, रितिका सेठिया, मंजु पालीवाल, मनीषा डोडियार, मुस्कान राठौर, पूजा लछेटा, शुभम राव सहित समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में प्राचार्या श्रीमती नायर ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।










