
एडिटर/संपादक:-तनीश गुप्ता,खण्डवा

*प्लॉग रन 2025 : 700 बच्चों ने 1.5 घंटे में लगभग 1800 किलोग्राम कचरा एकत्रित किया*
खण्डवा// स्वच्छोत्सव के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा ‘’एक घंटा एक साथ’’ उद्देश्य से प्लॉग रन 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में श्री गजेन्द्र पटेल (सांसद, खरगोन) एवं श्री ज्ञानेश्वर पाटिल (सांसद, खंडवा) उपस्थित रहे।
इसके साथ ही महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, विधायक खंडवा श्रीमती कंचन मुकेश तनवे, विधायक मांधाता श्री नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेड़े, जिला अध्यक्ष श्री राजपाल तोमर, निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य श्री सोमनाथ काले, श्री राजेश यादव, श्री अनिल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं पार्षदगण – श्री विजय यादव, श्री पवन गोस्वामी , श्री वेदप्रकाश मालाकार, श्री पालीवालजी आदि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत एवं उपायुक्त श्री एस.आर. सिटोले सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
*भव्य तैयारी और जनभागीदारी*
नगर निगम टीम द्वारा इस प्लॉग रन को लेकर पूर्व से ही व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। कचरा वाहनों पर ऑडियो संदेशों के माध्यम से, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और जनजागरण के जरिए नागरिकों को जोड़ा गया। इसके परिणामस्वरूप इस प्रतियोगिता में 1216 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से लगभग 700 विद्यार्थी विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से सम्मिलित हुए।
*चार स्थानों से हुआ प्रारंभ – सभी को मिला टूलकिट*
सुबह प्रतिभागी अपने-अपने प्रारंभिक बिंदुओं —
• शनि मंदिर चौक
• मोघट थाना
• आनंद परिसर
• टैगोर पार्क
से प्लॉग रन के लिए एकत्र हुए। प्रत्येक प्रतिभागी को ग्लव्स, कचरा संग्रहण थैली, टी-शर्ट एवं कैप का टूलकिट प्रदान किया गया।
सुबह 8 बजे सांसद श्री गजेन्द्र पटेल एवं श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने हरी झंडी दिखाकर प्लॉग रन की शुरुआत की। प्रतिभागियों ने 1 से 1.5 किलोमीटर तक कचरा एकत्रित करते हुए सिनेमा चौक तक की दूरी तय की।
*जुम्बा सेशन और उत्साहपूर्ण संबोधन*
सभी प्रतिभागियों ने सिनेमा चौक पर पहुँचकर अपने द्वारा एकत्रित कचरे का वजन कराया। इसके बाद श्री प्रकाश माली द्वारा संचालित जुम्बा सेशन ने माहौल को जीवंत बना दिया।
फिर क्रमशः निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, जिला अध्यक्ष श्री तोमर, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव एवं विधायकगण ने अपने उद्बोधनों में स्वच्छता को सामूहिक संकल्प बनाने का आह्वान किया।
सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल एवं श्री गजेन्द्र पटेल ने भी नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं का यह उत्साह खंडवा को “अव्वल” बनाने का सशक्त संदेश है।
तत्पश्चात् सांसद श्री गजेन्द्र पटेल ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
*‘अव्वल बनेगा खंडवा’ गीत का विमोचन*
आज के अवसर पर नगर निगम द्वारा स्वच्छता से जुड़ा नया गीत “अव्वल बनेगा खंडवा” का ऑडियो रिलीज किया गया। आगामी दिनों में यह गीत प्रतिदिन कचरा वाहनों पर बजाया जाएगा जिससे शहरवासियों में स्वच्छता जागरूकता फैले।
*प्रतियोगिता के परिणाम और पुरस्कार वितरण*
आयोजन के अंत में प्लॉग रन प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए —
• प्रथम स्थान: श्रीमान रानू बनाासे (40 किग्रा कचरा संग्रहित) — पुरस्कार 32 इंच स्मार्ट टीवी
• द्वितीय स्थान: श्रीमान जयश सिंह (35.15 किग्रा) — पुरस्कार होम थिएटर
• तृतीय स्थान: श्रीमान आदित्य गोंड (35 किग्रा) — पुरस्कार हेडफोन
विशेष सहयोग हेतु स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर श्री राहुल गीते एवं श्री प्रकाश माली को भी ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।








