‘‘माँ तुझे प्रणाम‘‘ योजना के लिए आवेदन जमा करें
—
खण्डवा//जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि ‘‘माँ तुझे प्रणाम‘‘ योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-2026 के लिये 10 युवाओं का चयन किया जाना है। इसके लिए आवेदक की आयु दिनांक 31 दिसंबर, 2026 तक 15 से 25 वर्ष होना चाहिए। युवाओं का निर्धारित मापदण्ड अनुसार चयन किया जायेगा। इसमें एन.सी.सी. कोटे से 1, एन.एस.एस. कोटे से 1, खिलाड़ी वर्ग से 1, मेधावी छात्रों में से 1, स्काउट कोटे से 1 छात्र का चयन किया जाएगा। इसके अलावा इन्हीं 5 वर्गों में से 1-1 छात्राओं का चयन भी किया जाएगा। इस तरह कुल 10 युवाओं को चयनित किया जाएगा। इस प्रकार कुल 5 युवक और 5 युवतियों को भारत की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भेजा जाएगा। इसके लिये इच्छुक युवा अपने आवेदन खेल और युवा कल्याण विभाग के कार्यालय से प्राप्त कर या विभागीय वेबसाईट www.dsywmp.gov.in से फार्म डाउनलोड कर सकते हैं। पूर्व में अनुभव यात्रा पर जा चुके युवाओं का चयन अब नहीं किया जाएगा। इस योजना के लिए इच्छुक युवक एवं युवतियां आगामी 6 सितम्बर तक कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। प्राप्त आवेदन पत्रों में से युवक एवं युवतियों को चयन एक समिति द्वारा लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। चयनित युवाओं को चिकित्सा एवं चरित्र प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।










