
श्री नंदेश्वर महादेव से ब्रह्मगीर के लिए निकली कावड़ यात्रा
श्री नंदेश्वर महादेव को जल अर्पित कर की गई आरती

खंडवा। श्रावण मास में कांवड़ का बहुत महत्व माना गया है। ऐसे में कई शिव भक्त कावड़ यात्रा के माध्यम से पवित्र नदियों का जल भर भोलेनाथ को अर्पित करते है। सैकड़ो किलोमीटर पैदल चलकर कावड़ यात्री भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आस्था और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ते है। इन कावड़ यात्रियों की सेवा के लिए रास्ते में कई भक्त उन्हें स्वल्पाहार पानी, चाय और कई प्रकार की सेवाएं देते हैं।समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि रविवार को खंडवा की श्री नंद विहार कॉलोनी से पुरुषों की कावड़ यात्रा भगवान श्री नंदेश्वर महादेव मंदिर से सुबह 7:00 बजे ब्रह्मगीर महाराज के लिए निकली। कावड़ यात्रा में पुरुषों के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी सम्मिलित हुए। सुबह 10:00 बजे ब्रह्मगीर महाराज पहुंचकर स्नान समाधि दर्शन कर भोले भगवान की आरती उतार कर सभी भक्त कावड़ लेकर भोले शंभू भोलेनाथ, हर हर महादेव, बम बम भोले के उद्घोष लगाते पैदल निकल पड़े। अमलपुरा में यात्रा का पहला पड़ाव हुआ जहां पंचायत भवन में सभी कावड़ियों को स्वल्पाहार कराया गया। यहां से यात्रा प्रस्थान कर दाना बाबा मंदिर पहुंची, जहां पूजा अर्चना कर खंडवा की ओर रवाना हुई। यात्रा का दूसरा पड़ाव जूनापानी में हुआ। यहां थोड़ी देर विश्राम कर आगे प्रस्थान किया। रास्ते में पावर ग्रिड पर यात्रियों को शिव भक्तों की ओर से चाय एवम उसके आगे नमकीन छाछ का वितरण किया गया। यहां से यात्रा सीधे खंडवा पहुंची। कालोनी में प्रवेश के पहले विनायक रेसीडेंसी के पास श्री नंद विहार कालोनी की मातृशक्ति और परिजनों ने यात्रियों का ढोल ढमाके और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यहां से सभी कॉलोनीवासी श्री नंदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे जहां ब्रह्मगीर महाराज से कावड़ में लाए पवित्र गंगा जल से भगवान का अभिषेक कर आरती की गई।










