
सक्रिय जनप्रतिनिधित्व का असर: खंडवा को 153 करोड़ की सड़क सौगात।
मुख्यमंत्री से मिलकर रखीं अहम मांगें, विधानसभा में उठाए सवाल; बजट में मिली बड़ी स्वीकृतियां।
खंडवा। “कागज चलेगा तो बोलेगा” की कार्यशैली के साथ खंडवा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कंचन मुकेश तनवे लगातार क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय हैं। समाजसेवी एवं प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि विधायक तनवे की मेहनत और निरंतर फॉलोअप का परिणाम है कि विधानसभा क्षेत्र को बजट 2026-27 में लगभग 153 करोड़ रुपये की सड़क स्वीकृतियां प्राप्त हुई हैं।
मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रखीं प्रमुख मांगें
प्रवक्ता सुनील जैन के अनुसार, विधायक तनवे ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से समय लेकर मुलाकात की और खंडवा के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर मांग पत्र सौंपा। इनमें खंडवा बायपास निर्माण, जर्जर खंडवा–मोती मार्ग का नवीनीकरण, लाल चौकी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण, जिले में बटालियन खोलने की मांग तथा आनंद नगर मेडिकल कॉलेज में सुव्यवस्थित अस्पताल निर्माण जैसे मुद्दे शामिल रहे। विधायक ने इन मांगों को जनहित से जुड़ा बताते हुए शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया।
विधानसभा में उठाए प्रश्न, मिला जवाब
विधानसभा सत्र के दौरान विधायक तनवे ने क्षेत्रीय विकास एवं जनसमस्याओं से जुड़े कई प्रश्न भी लगाए, जिनके उत्तर संबंधित विभागों के मंत्रियों द्वारा दिए गए। प्रवक्ता सुनील जैन ने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि सक्रियता और सतत प्रयासों से क्षेत्र के विकास को गति दी जा सकती है।
बजट में 78.53 किमी सड़कों को स्वीकृति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा प्रस्तुत बजट में खंडवा विधानसभा क्षेत्र की 78.53 किलोमीटर लंबाई की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं मजबूतीकरण के लिए कुल 152.67 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन स्वीकृतियों में खंडवा–पलकना, अमलपुरा–सांवखेडा–माथनी, खंडवा–पिपलिया फुल तपोवन, सिहाड़ा मार्ग सहित कई ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं। साथ ही 38 किलोमीटर लंबे खंडवा से हरसूद-चारखेड़ा-भैसावा मार्ग के लिए 95 करोड़ रुपये तथा खंडवा–दुल्हार–पंधाना मुख्य जिला मार्ग के लिए 30 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।
चौमुखी विकास की ओर बढ़ता खंडवा
प्रवक्ता सुनील जैन ने कहा कि विधायक कंचन मुकेश तनवे की सक्रियता के चलते खंडवा विधानसभा क्षेत्र में चौमुखी विकास की राह प्रशस्त हो रही है। सड़क नेटवर्क मजबूत होने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण क्षेत्रों के आवागमन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र की जनता को इसी तरह विकास कार्यों का लाभ मिलता रहेगा।








