
*एडिटर/संपादक:-तनीश गुप्ता…✍️
*स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ कार्यक्रम और मिट्टी के गणपति निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन*
खण्डवा//नगर निगम खंडवा द्वारा मंगलवार को
‘स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ’ अभियान के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया। ये दोनों आयोजन न केवल नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु किए गए, बल्कि शहरवासियों को 3आर (Reduce, Reuse, Recycle) की जानकारी देकर पर्यावरण के संरक्षण का भी संदेश दिया गया।
*स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ कार्यक्रम — विट्ठल मंदिर में जनजागरूकता*
विट्ठल मंदिर परिसर में आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता पर चर्चा से हुई जिसमें उपस्थित नागरिकों को यह बताया गया कि वर्षा ऋतु में स्वच्छता बनाए रखने से डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर निगम के प्रतिनिधियों द्वारा 3आर — Reduce, Reuse, Recycle — के सिद्धांतों पर प्रकाश डाला गया और नागरिकों को प्रेरित किया गया कि वे प्लास्टिक और गीले-सूखे कचरे का सही तरीके से प्रबंधन करें। उपस्थित नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ लेकर इस संकल्प को दोहराया कि वे स्वयं भी स्वच्छ रहेंगे और अपने आस-पास के वातावरण को भी स्वच्छ बनाए रखेंगे।
*मिट्टी के गणपति निर्माण कार्यशाला — बच्चों और महिलाओं की शानदार भागीदारी*
इसी क्रम में आज झोन क्रमांक 01, आदर्श नगर, वार्ड क्रमांक 04 में नगर निगम खंडवा के सहयोग से मिट्टी के गणपति निर्माण की कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में इनर व्हील स्पार्कल ग्रुप की लगभग 15 महिलाओं एवं 25 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला में प्रमुख रूप से पिंकी राठौर, दीपमाला पांडे, मोनिका शर्मा, राखी शुक्ला, मंजू मिश्रा, बरखा पांडे, करुणा जोशी, मीणा प्रजापति आदि महिलाओं की उपस्थिति रही।
इस कार्यशाला का उद्देश्य न केवल गणेशोत्सव में पर्यावरण मित्र विकल्प अपनाना था, बल्कि मिट्टी से जुड़ाव और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना भी रहा। कुमारी प्रिया जोहरी, अनमोल जोहरी एवं आराध्या जोहरी ने प्रतिभागियों को मिट्टी के गणपति बनाना सिखाया। सभी प्रतिभागियों ने स्वनिर्मित गणपति बनाकर अत्यंत उत्साह और श्रद्धा से भागीदारी निभाई।









