*सफाई अपनाओ – बीमारी भगाओ अभियान 2.0” का शुभारंभ*
*मानसून के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु नगर निगम की विशेष पहल*
*1 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा अभियान*
इंदौर । मानसून के दौरान होने वाले स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को कम करने के उद्देश्य से भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत “सफाई अपनाओ – बीमारी भगाओ अभियान 2.0” की शुरुआत की गई है। आयुक्त श्री वर्मा द्वारा इस अभियान का शुभारंभ गांधी हॉल में किया गया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश उपाध्याय, निगम के अधिकारीगण, बड़ी संख्या में सफाई मित्र एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
*अभियान का उद्देश्य और अवधि*
अभियान का मुख्य उद्देश्य मानसून में फैलने वाली जल जनित एवं वेक्टर जनित बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि की रोकथाम के लिए स्वच्छता को एक जनांदोलन बनाना है। यह अभियान 01 जुलाई से 31 अगस्त 2025 तक दो महीने तक चलाया जाएगा।
*अभियान के मुख्य बिंदु:*
अपर आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत निम्न *प्रमुख गतिविधियाँ* की जाएँगी:
कचरा संभावित स्थलों पर विशेष सफाई अभियान
सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई
जल गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नमूनों की जांच
अपशिष्ट संग्रहण और परिवहन की व्यवस्था में सुदृढ़ता
घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना
सभी झोन एवं वार्ड स्तर पर सफाई की सतत निगरानी
*अभियान के छह मूलमंत्र* :
1. स्वच्छ हाथ
2. स्वच्छ घर
3. स्वच्छ पड़ोस
4. स्वच्छ शौचालय
5. स्वच्छ नालियां व जल निकाय
6. स्वच्छ सार्वजनिक स्थल
इन मूलमंत्रों को आधार बनाकर अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
*सफाई मित्रों का सम्मान और प्रशिक्षण*
इस अवसर पर आयुक्त श्री शिवम वर्मा ने अभियान का विधिवत लॉन्च किया एवं सफाई मित्रों द्वारा साझा किए गए अनुभवों को सराहा। अभियान को सफल बनाने हेतु सभी 22 झोन से चयनित 22 सफाई मित्रों एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के प्रतिनिधि सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया एवं स्वच्छता किट प्रदान की गई।
विशेष रूप से, 56 दुकान रहवासी संघ के अध्यक्ष श्री गुनजन शर्मा को स्वच्छता बांड एम्बेसेडर नियुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त, यूनिसेफ के सहयोग से सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरण, स्वच्छता से जुड़े नवाचारों और स्वस्थ्यकर कार्यप्रणाली के बारे में प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
आयुक्त श्री वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वच्छता केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। ‘सफाई अपनाओ – बीमारी भगाओ अभियान’ का उद्देश्य केवल सफाई नहीं, बल्कि शहरवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है। सभी नागरिक इस अभियान से जुड़ें और स्वस्थ इंदौर के निर्माण में भागीदार बनें।”






