
गृह भेंट के दौरान आशा कार्यकर्ता की समझाइश से रोहणी के वेदांश का वजन 4 किलो 200 ग्राम से बढ़कर हुआ 7 किलो 400 ग्राम
खण्डवा 06 जून, 2025 – खंडवा जिले के विकासखण्ड पुनासा के ग्राम रोहणी निवासी भावना पति गोपाल ने 16 नवंबर, 2024 को अपने पुत्र वेदांश को जन्म दिया था। वेदांश का वजन नहीं बढ़ने के कारण माता पिता चिंतित रहते थे। ग्राम की आशा कार्यकर्ता छाया प्रजापति द्वारा गृह भेंट कर वेदांश की माता श्रीमति भावना को स्तनपान, पोषण आहार, स्वच्छता व परिवार नियोजन के बारे में समझाइश दी गई। साथ ही वेदांश का सही समय पर टीकाकरण करवाया गया।आशा द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र में वेदांश का वजन 4 किलो 200 ग्राम मापा गया जो तीन माह की आयु के अनुसार कम था। बच्चे के वजन नहीं बढ़ने पर उनकी माता को स्तनपान की सलाह देते हुए ऊपरी आहार देने की सलाह दी गई। बच्चे को दिन में 2 से 3 बार मसला हुआ भोजन दें और बढ़ती उम्र के साथ पोषण आहार की मात्रा बढ़ाएं और साथ में आयरन सीरप पिलाएं। वेदांश की माताजी ने आशा की समझाइश के अनुसार स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर वेदांश को घर पर उपलब्ध पोषक तत्वों से बनाकर भोजन नियमित रुप से दिया। आशा द्वारा 42 दिन तक वेदांश से गृह भेंट कर समय समय पर उनकी माताजी को समझाइश दी गई। धीरे धीरे वेदांश पहले से बेहतर होता गया और वजन भी बढ़कर 7 किलो 400 ग्राम हो गया। वेदांश के माता पिता ने बताया कि वजन न बढ़ने के कारण हम बहुत चिंतित थे, लेकिन गांव की आशा दीदी ने नियमित रुप से हमें घर आकर समझाइश देते हुए घर पर ही उपलब्ध पदार्थों से बच्चे को पोषण देने के तरीके एवं स्वस्थ दिनचर्या के लिए जागरुक किया गया। अब हमारा बच्चा स्वस्थ है और उसका वजन भी बढ़ने लगा है।










