ताज़ा ख़बरें

सांसद श्री पाटील की अध्यक्षता में आयोजित हुई दिशा की बैठक

खास खबर...

एडिटर/संपादक:-तनीश गुप्ता,खण्डवा

सांसद श्री पाटील की अध्यक्षता में आयोजित हुई दिशा की बैठक
खण्डवा 05 मार्च, 2025 – 
सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद श्री पाटील ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायत देशगांव एवं जामली राजगढ़ में पानी की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई विभाग के अधिकारी से कहा कि ग्रामों का दौरा कर पेयजल संबंधी समस्याओं का निराकरण करें। गर्मी के मौसम में पूर्व से ध्यान में रखें कि कहीं भी समस्या ना हो। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष के ऐसे चिन्हित ग्राम जहां पानी की समस्या सामने आई थी उन पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने कहा कि जो कार्य शेष हैं उन पर योजना बनाकर कार्य किया जाए।
बैठक में सांसद श्री पाटील ने जल निगम के अधिकारी को ग्राम सोमुद में पानी की टंकी का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम तिरंदाजपुर में रोड रेस्टोरेशन करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जहां भी रोड रेस्टोरेशन का कार्य शेष है उसे शीघ्रता से पूर्ण करवाया जाए।
बैठक में सांसद श्री पाटील ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि संबंधित विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर योजनाओं का क्रियान्वयन करें। साथ ही शासन को प्रस्ताव भेजने से पूर्व जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाए। बैठक में सांसद श्री पाटील ने मनरेगा योजना अंतर्गत संचालित कपिल धारा कूप, अमृत सरोवर, खेत तालाब के स्वीकृत एवं पूर्ण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना में नवीन निर्देशों के तहत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराया जाकर लाभान्वित करें। साथ ही नए सर्वे में कितने हितग्राहियों का पंजीयन हुआ के बारे में भी जानकारी ली।
बैठक में सांसद श्री पाटील ने खण्डवा जिले में सिंचाई परियोजनाओं में जो ग्राम छूटे हैं उनकी सूची की समीक्षा की और छूटे हुए ग्रामों को किस प्रकार परियोजनाओं से जोड़ा जा सकता है इसके लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को मूंग के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए।
बैठक में सांसद श्री पाटील ने खनिज विभाग की समीक्षा करते हुए अवैध उत्खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अब तक कितने प्रकरण बनाए गए हैं उनकी जानकारी ली और सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद श्री पाटील ने जिले में कितने ग्रिड का निर्माण कार्य संचालित है के बारे में बिजली विभाग के अधिकारी से जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने झिरन्या उद्वहन सिंचाई योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि क्षेत्रों का दौरा करें एवं ग्रामीणों की समस्याओं का हल करें।
इस दौरान मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, खण्डवा विधायक श्रीमती कंचन तनवे, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेड़े, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं समिति के सदस्यगण मौजूद थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!