
विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर भोपाल पहुंचीं विधायक कंचन मुकेश तनवे, मंत्रियों से की मुलाकात
खंडवा। विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में आज मंगलवार को विधायक तनवे भोपाल पहुंचीं और प्रदेश सरकार के मंत्रियों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास कार्यों से अवगत कराया।
विधायक कंचन मुकेश तनवे ने हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खंडवा प्रवास के दौरान खंडवा के लिए पुलिस बटालियन एवं खंडवा-मूंदी मार्ग की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
हापला-दीपला पुल की वर्षों पुरानी मांग उठाई
विधायक तनवे ने प्रदेश सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हापला से दीपला को जोड़ने वाले पुल की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
विधायक ने मंत्री को बताया कि यह पुल करीब 60 वर्ष पुराना है। तेज बारिश अथवा भगवत सागर डेम के गेट खोले जाने पर सूक्ता नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों का खंडवा शहर से संपर्क टूट जाता है और गांव टापू में तब्दील हो जाता है।
उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर ग्रामीण पूर्व में जल सत्याग्रह भी कर चुके हैं तथा लोकसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों द्वारा चुनाव बहिष्कार तक किया गया था। विधायक ने ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
विधायक तनवे ने बताया कि पुल निर्माण के लिए दो बार DPR तैयार कर भोपाल भेजी जा चुकी है। प्रस्तावित पुल की लंबाई लगभग 160 मीटर है, जिसके निर्माण पर करीब 6.50 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है।
मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा जल्द ही DPR को स्वीकृति प्रदान कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने और पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की बात कही।
किसानों की समस्याओं को लेकर कृषि मंत्री से भी मुलाकात
इसके साथ ही विधायक कंचन मुकेश तनवे ने प्रदेश सरकार में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री एदल सिंह कंसाना से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खंडवा विधानसभा क्षेत्र के किसान भाइयों को आ रही विभिन्न समस्याओं एवं कृषि संबंधी विषयों से मंत्री को अवगत कराया और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।
विधायक तनवे ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वे लगातार भोपाल पहुंचकर संबंधित विभागों के मंत्रियों एवं अधिकारियों के समक्ष जनहित के मुद्दे उठा रही हैं, ताकि क्षेत्र की लंबित मांगों को जल्द से जल्द स्वीकृति मिल सके।












