
*”पत्रकार हौसला छोड़ दें तो लोकतंत्र में दरारें आ जाएंगी – राजेश रैना”*
– खंडवा में ‘द जर्नी ऑफ जर्नलिस्ट’ कार्यक्रम में बोले पत्रकार
– वरिष्ठ पत्रकार तृप्ति श्रीवास्तव
– पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने कहा कलम पर गौर करें, पैसे पर नहीं
खंडवा। स्टेट प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘द जर्नी ऑफ जर्नलिस्ट’ कार्यक्रम में निमाड़ के चार जिलों के पत्रकारों को संबोधित करते हुए नई दिल्ली के पत्रकार राजेश रैना ने कहा कि पत्रकार हौसला छोड़ दें तो लोकतंत्र में दरारें आ जाएंगी। उन्होंने कहा, “जी तो चाहता है सच बोलें, मगर नौकरी का दम घुटने का जो डर है। हमें पत्रकारिता में एक्सक्लूसिव छोड़कर ह्यूमेनिटी लानी पड़ेगी। पत्रकार गरीब होता है, मगर कलम ज्ञानवान होती है। इससे सब कुछ बदला जा सकता है। इसलिए कलम पर गौर करें, पैसे पर नहीं।”
कार्यक्रम में नेशनल जर्नलिज्म की वरिष्ठ पत्रकार एवं पाञ्चजन्य संपादक सुश्री तृप्ति श्रीवास्तव ने कहा कि वर्ष 2000 के बाद लाइव जर्नलिज्म ने पत्रकारिता की दिशा बदल दी। अब सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म ने कई स्तंभ खड़े कर दिए हैं, लेकिन खोजी पत्रकारिता पर ही सुधी पाठक विश्वास करते हैं।
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि सुश्री श्रीवास्तव ने कहा
कि जेन-जी के सोशल मीडिया प्रोटेस्ट ने मीडिया को कई नए नाम दिए हैं, मगर जंतर-मंतर ने मीडिया के प्रति सोच में बदलाव लाकर वैचारिक संग्राम शुरू कर दिया है। एआई के जमाने में फैक्ट-चेक करके काम करने की आवश्यकता है और एआई का स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि पत्रकारिता में हमें सिलेक्टिव होने के साथ नेशनलिस्ट भी होना पड़ेगा। जनप्रतिनिधियों को वीर सावरकर की तरह उदघोषणा करनी पड़ेगी कि पैसे से संसार नहीं चलता और इस भ्रम से बाहर आना होगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को विषय विशेषज्ञ होना चाहिए। उन्हें संस्कृति, प्रकृति और राजनीति में विशेषज्ञता हासिल करनी चाहिए। श्रीमती चिटनीस ने स्टेट प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा रचनात्मक और दिशापरक कार्य करते हैं। उन्होंने ‘द जर्नी ऑफ जर्नलिस्ट’ का अगला कार्यक्रम बुरहानपुर में आयोजित करने का आमंत्रण भी दिया।
खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तनवे ने कहा कि निमाड़ के चार जिलों के पत्रकारों का सम्मेलन खंडवा के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का मिशन है। इसके माध्यम से जनप्रतिनिधियों को रोज काम करने का अवसर मिलता है। श्रीमती तनवे ने निमाड़ के पत्रकारों को सतत आगे बढ़ाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि हर क्षेत्र में परिवर्तन आवश्यक है और यह परिवर्तन हम जर्नलिज्म में भी देख रहे हैं। प्रमुख अतिथि सीएच ग्रुप के राजू जैन ने कहा कि स्टेट प्रेस क्लब छोटे जिलों में जाकर जो कार्यक्रम कर रहा है, उससे कस्बाई पत्रकारों को काफी समर्थन मिलेगा। वरिष्ठ पत्रकारों को प्रोत्साहित करने साहित्यकार उद्योगपति आलोक सेठी ने कहा पत्रकारिता में चुनौती मगर जो चुनौतियों से लड़कर समाज को नई दिशा दें वही कलमकार है। उन्होंने कहा AI एक ज्वलंत विषय है और जर्नलिज्म में बदलाव के साथ अपडेट रहकर काम करने की जरूरत है। इस अवसर पर महापौर अमृता अमर यादव ने वरिष्ठ पत्रकार राजेश रैना और सुश्री तृप्ति श्रीवास्तव का सम्मान किया। अतिथियों ने वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा, अजीजुद्दीन शेख, उमेश रेवलिया, राकेश जायसवाल सभी खरगोन, डॉ प्रमोद सिंहा, संजय राठी, सिराजुद्दीन शेख, अनिल सारसर खंडवा, जैद अहमद, वीरेंद्र वाशिंदे, राजेश नाहर बड़वानी का निमाड़ की पत्रकारिताएं श्रेष्ठ योगदान पर सम्मान पर किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार महासचिव नवनीत शुक्ला, राजेंद्र कोपरगांवकर, प्रेस क्लब महिला विंग अध्यक्ष सुश्री सोनाली यादव भी मौजूद रही। स्टेट प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने निमाड़ के समस्त पत्रकारों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन संयोजक देवेंद्र जायसवाल ने दिया, संचालन पंकज क्षीरसागर ने किया तथा आभार समीर खान ने व्यक्त किया।










