छत्तीसगढ़ताज़ा ख़बरेंमहासमुंद

एचपीवी टीकाकरण सप्ताह: स्कूलों में छात्राओं को किया जा रहा जागरूक

एचपीवी टीकाकरण सप्ताह: स्कूलों में छात्राओं को किया जा रहा जागरूक

एचपीवी टीकाकरण सप्ताह: स्कूलों में छात्राओं को किया जा रहा जागरूक

प्रतिदिन 300 से अधिक किशोरियों को एचपीवी टीका लगाया जा रहा

14 से 15 वर्ष आयु की बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील

 

 

भुवनेश्वर यादव:- महासमुंद (त्रिलोक न्यूज)

महासमुंद, 15 जुलाई 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार महासमुंद जिले में 18 जुलाई तक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह का संचालन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जिलेभर में अभियान को गति दे रही हैं। अभियान का उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण कर उन्हें भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से सुरक्षित करना है।

जिले में अभियान के तहत प्रतिदिन 300 से अधिक किशोरियां एचपीवी टीका लगवाकर सुरक्षा कवच प्राप्त कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए विद्यालयों तथा स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लगातार जागरूकता और टीकाकरण कार्य किया जा रहा है। विशेष टीकाकरण सप्ताह के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों, जिनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बागबाहरा तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बागबाहरा शामिल हैं, का भ्रमण कर रहे हैं। वे छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालयीन स्टाफ के साथ संवाद कर एचपीवी टीके की उपयोगिता, सुरक्षा और आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित एवं अत्यंत प्रभावी है यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में लगाया गया यह टीका बालिकाओं के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी प्रकार की अफवाहों और भ्रांतियों पर विश्वास न करें। अपनी 14 से 15 वर्ष आयु की बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया कि पात्र बालिकाएं अपने निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में निःशुल्क एचपीवी टीका लगवा सकती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है। विभाग ने सभी से आग्रह किया है कि वे अपने आसपास की पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!