
शिक्षिका श्रद्धा गुप्ता गंगराड़े ने 100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीतकर संभाग का नाम किया रोशन
खण्डवा//
12वीं राज्य स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी खेल प्रतियोगिता 2026 का आयोजन छतरपुर में 27 मई से 31 मई तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में क्रिकेट एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, नर्मदापुरम, रीवा, सागर, शहडोल एवं उज्जैन संभाग सहित लोक शिक्षण संचालनालय की टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि छतरपुर विधायक श्रीमती ललिता यादव रहीं, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुस्तमपुर, विकासखंड पंधाना, जिला खंडवा की शिक्षिका श्रीमती श्रद्धा गुप्ता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अर्जित किया। उनके शानदार प्रदर्शन ने न केवल खंडवा जिले बल्कि इंदौर संभाग का भी गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच श्रीमती श्रद्धा गुप्ता ने अपनी गति, दक्षता एवं खेल कौशल का परिचय देते हुए दोनों स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि ने शिक्षा विभाग के खिलाड़ियों में नया उत्साह एवं प्रेरणा का संचार किया है।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती श्रद्धा गुप्ता लगातार तीन वर्षों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त कर रही हैं। वर्ष 2024 में भी उन्होंने 100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीतकर जिले एवं संभाग का नाम गौरवान्वित किया था। उनकी यह निरंतर सफलता खेलों के प्रति समर्पण, नियमित अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है।
शिक्षा, विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी श्रीमती श्रद्धा गुप्ता खेल क्षेत्र में भी लगातार उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित कर रही हैं। उनकी सफलता विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री पी. एस. सोलंकी एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री पी. डी. डोंगरे ने श्रीमती श्रद्धा गुप्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग एवं क्षेत्रवासियों ने भी उनकी इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।










