
त्रिलोक न्यूज़ मध्य प्रदेश के सहायक प्रमुख प्रवीण कुमार दुबे
दो कमरों में चल रही अवैध कफ सिरप फैक्ट्री पकड़ी:भोपाल के गांधी नगर में STF का छापा, 700 से ज्यादा पेटियां मिलीं; 10 लोग हिरासत में
भोपाल
भोपाल के गांधी नगर से अवैध कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई है। यह कार्रवाई एसटीएफ ने डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी में की। एसटीएफ ने यहां से 700 से ज्यादा पेटियां और मशीनें जब्त की। पूरे सेटअप की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है। एसटीएफ ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई गुरुवार रात करीब 12 बजे शुरू हुई, जो शुक्रवार सुबह 3 बजे तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार, मकान में ‘आफ कफ’ नाम की अवैध कफ सिरप तैयार की जा रही थी। मकान के दो अलग-अलग कमरों में नशीले कफ सिरप के कॉर्टन और बोतलें रखी हुई मिलीं। एसटीएफ ने कफ सिरप के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। आरोपियों की निशानदेही पर आगे भी कार्रवाई जारी है।
मकान से पैकेजिंग मशीन भी बरामद हुई है।
लोकल पुलिस को नहीं लगी भनक
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गांधीनगर इलाके से अवैध रूप से नशीले कफ सिरप की सप्लाई की जा रही है। छापे की जानकारी स्थानीय गांधीनगर पुलिस को नहीं थी कार्रवाई के दौरान एसटीएफ के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
मकान मालिक से नहीं हो सका संपर्क
जिस मकान में कार्रवाई की गई, वह किसी मालवीय नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक एसटीएफ का मकान मालिक से संपर्क नहीं हो सका था। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध कफ सिरप का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
दो और कफ सिरप निकले जहरीले
छिंदवाड़ा में किडनी फेल होने से 16 बच्चों की मौत पर मचे बवाल के बीच अब दो और कफ सिरप री लाइफ और रेस्पिफ्रेस टीआर की रिपोर्ट में खतरनाक केमिकल डायएथिलीन ग्लाइकॉल की अधिक मात्रा पाई गई है। ये दोनों सिरप गुजरात में बनाए गए हैं।










