
रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ। दिलीप सिंह भूरिया शासकीय आदर्श महाविद्यालय, झाबुआ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार उछावर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना उन्मुखीकरण कार्यक्रम, सद्भावना दिवस एवं अक्षय ऊर्जा दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार उछावर ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया तथा सद्भावना दिवस की महत्ता बताई। साथ ही विद्यार्थियों को अक्षय ऊर्जा संरक्षण की शपथ दिलाई।
मुख्य वक्ता सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन की डॉ. अंबेडकर पीठ के पूर्व आचार्य एवं रासेयो कार्यक्रम अधिकारी आचार्य शैलेंद्र पाराशर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना शिक्षा, समाज सेवा, व्यक्तित्व एवं दक्षता विकास के साथ राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि रासेयो का मूल संदेश ‘मैं’ से ‘हम’ और ‘हम’ से ‘समस्त मानवता’ की ओर बढ़ना है। सद्भावना से समाज जुड़ता है, समरसता से राष्ट्र मजबूत होता है और मानवता से जीवन सार्थक बनता है।
कार्यक्रम में डॉ. धूलसिंह खरत, डॉ. प्रगति मिमरोट, प्रो. जितेंद्र नायक, क्रीड़ा अधिकारी कोमल बारिया, प्रो. हिमांशु मालवीय सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. भूरसिंह निगवाल ने किया तथा आभार डॉ. सुरेशचंद्र भाबर ने व्यक्त किया।










