ताज़ा ख़बरें

शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की विसंगतियों को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

खास खबर

शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की विसंगतियों को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अतिक्रमण हटाने के पूर्व सूचित कर, चुने की लाइन डाली जाए उसके बाद हटाए अतिक्रमण। “प्रतिभा रघुवंशी”

खंडवा। शहर में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में मंगलवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर अभियान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि शहर को व्यवस्थित, सुंदर एवं यातायात सुगम बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का पार्टी स्वागत करती है और अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण एवं सुनियोजित विकास के लिए सदैव सकारात्मक सहयोग देने को तैयार है।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान में चल रही कार्रवाई कई स्थानों पर बेतरतीब एवं असंगत दिखाई दे रही है। छोटे एवं निर्धन व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, जिससे उनके रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही कई जगह बिना पूर्व सूचना एवं वैकल्पिक व्यवस्था के बुलडोजर कार्रवाई किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई। प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि आपको जिस जगह का अतिक्रमण हटाना है वहां पर एक दिन पहले मुनादी करके नोटिस देना चाहिए एवं चूने की लाइन डाल देना चाहिए जिससे जिसका अतिक्रमण हो वह खुद ही अपना अतिक्रमण हटा ले, जिससे उसका नुकसान ना हो।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि कांग्रेस ने यह भी कहा कि शहर के बड़े मॉल एवं पक्के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा पार्किंग स्थलों पर दुकानों का निर्माण किए जाने जैसी गंभीर अनियमितताओं को अनदेखा किया जा रहा है, जबकि छोटे व्यापारियों पर सख्ती दिखाई जा रही है। ज्ञापन में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि विगत वर्षों में स्वयं नगर निगम ने नालों एवं संकरी जगहों पर बिना पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के दुकानों का निर्माण कराया, जिसके कारण वर्तमान यातायात एवं अतिक्रमण संबंधी समस्याएं उत्पन्न हुई हैं।
प्रतिभा रघुवंशी ने मांग की कि अतिक्रमण हटाने की मुहिम जारी रखने से पहले छोटे एवं निर्धन व्यापारियों के लिए युक्तियुक्त विस्थापन, वैकल्पिक व्यवस्था एवं पुनर्वास की प्रभावी योजना बनाई जाए, ताकि विकास और मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन बना रहे।
इस अवसर पर प्रतिभा रघुवंशी,उत्तमपाल सिंह,विशाल जैन,देवेंद्र सराफ,सदाशिव भवरिया,मेहमूद खान,दीपक मुल्लू राठौर,लव जोशी,प्रेमांशु जैन,यशवंत सिलावट,तारिक बबलु पटेल,जितेंद्र यादव,निर्मल गीते,अविनाश शुक्ला,असलम गौरी,अय्यूब खान,हरजिंदर छाबड़ा, गुरपीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!