
नेशनल लोक अदालत की तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक सम्पन्न
—
आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों एवं अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला न्यायालय खंडवा के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला न्यायालय खंडवा में पदस्थ सभी न्यायाधीशगण उपस्थित रहे, तथा हरसूद एवं पुनासा तहसीलों में पदस्थ न्यायाधीशगण वर्चुअल माध्यम से बैठक में सम्मिलित हुए। बैठक में आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण के लिए पक्षकारों से संपर्क, प्री-काउंसलिंग, समझौता प्रयासों एवं लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने सभी न्यायाधीशों से उनके न्यायालयों में नेशनल लोक अदालत के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी न्यायालयों में राजीनामा योग्य प्रकरणों में प्रभावी समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्चीला न्याय प्राप्त हो सके। बैठक में विशेष न्यायाधीश श्री उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री योगराज उपाध्याय, जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी, श्री अरविंद सिंह टेकाम, श्री आशीष प्रताप सिंह, श्री वीरेंद्र जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय, जिला रजिस्ट्रार श्री अरविंद सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पीयूष भावे सहित अन्य न्यायाधीशगण भी उपस्थित थे। बैठक के अंत में नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने हेतु सभी न्यायिक अधिकारियों ने समन्वित रूप से प्रयास करने एवं अधिकाधिक प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण का संकल्प लिया।










