
*जनगणना 2027: घर-घर पहुंच रही जनगणना टीम, नागरिक दें सही जानकारी*
खण्डवा//
मुख्य जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रियंका रजावत के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 हेतु खंडवा शहर के 6 जोनों में कुल 307 ब्लॉकों के लिए 307 प्रगणकों एवं 51 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनके अतिरिक्त लगभग 10 प्रतिशत कार्मिक रिजर्व श्रेणी में रखे गए हैं। समस्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 9 बैचों में पूर्ण कराया जा चुका है। चार्ज अधिकारियों के नेतृत्व में जनगणना दल क्षेत्रवार घर-घर पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य कर रहा है।
जनगणना कार्य के दौरान नागरिकों से भवन, मकान, परिवार, पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन, डिजिटल सुविधाएं, वाहन, सामाजिक वर्ग सहित निर्धारित 34 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है। यह जानकारी शासन द्वारा विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, संसाधन प्रबंधन एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन हेतु महत्वपूर्ण होगी।
नागरिकों से अपील की गई है कि जनगणना दल द्वारा पूछे जाने वाले सभी प्रश्नों का सही, स्पष्ट एवं पूर्ण उत्तर प्रदान करें। सटीक जानकारी देना प्रत्येक नागरिक का उत्तरदायित्व है, जिससे जनगणना के आंकड़े प्रमाणिक बनें और भविष्य की योजनाएं अधिक प्रभावी रूप से लागू की जा सकें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जो शहर एवं नागरिकों के समग्र विकास की आधारशिला है। अतः सभी नागरिक सक्रिय सहयोग देकर इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाएं।








